khabar abhi tak

शेयर मार्केट बढ़त के साथ हुआ बंद, सेंसेक्स 319 अंक चढ़ा, निफ्टी 25550 के पार पहुंचा

नई दिल्ली. भारतीय शेयर बाजार में तीन दिनों की गिरावट के बाद सोमवार 10 नवम्बर को फिर से तेजी लौटी। आईटी और वित्तीय शेयरों में खरीदारी तथा वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख के चलते बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों में बढ़त दर्ज की गई।

बीएसई सेंसेक्स 319.07 अंक या 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,535.35 पर बंद हुआ। दिन के दौरान यह 538.21 अंक चढ़कर 83,754.49 के उच्चतम स्तर तक गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 82.05 अंक या 0.32 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,574.35 पर बंद हुआ, यह दिन के कारोबार के दौरान 161.15 अंक चढ़कर 25,653.45 तक पहुंचा।

सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों का कैसा रहा प्रदर्शन?

सेंसेक्स की प्रमुख लाभकारी कंपनियों में इंफोसिस, एचसीएल टेक, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, टाटा मोटर्स, टीसीएस, भारती एयरटेल, टाइटन, बजाज फिनसर्व, रिलायंस और एलएंडटी शामिल रहीं। दूसरी ओर ट्रेंट लिमिटेड, पावर ग्रिड, अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, एसबीआई, अदाणी पोर्ट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एनटीपीसी में गिरावट दर्ज की गई।

बाजार में तेजी लौटने का ये है कारण

विशेषज्ञों का मानना है कि  कि अमेरिका में शटडाउन के समाधान और दूसरी तिमाही की सकारात्मक आय रिपोर्टों ने विदेशी निवेशकों को फिर से बाजार में लौटने के लिए प्रेरित किया। अमेरिका में 10-वर्षीय ट्रेजरी यील्ड में वृद्धि और सरकारी कामकाज की बहाली से जोखिम लेने की प्रवृत्ति में सुधार हुआ है। घरेलू स्तर पर मजबूत आर्थिक संकेतकों के चलते वित्त वर्ष 2026 की दूसरी छमाही में कंपनियों के आय अनुमानों में वृद्धि की उम्मीद है। इससे बाजार में मूल्यांकन को समर्थन मिलने और लिक्विडिटी में इजाफा होने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak