जबलपुर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा तथा मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के निर्देशन में, पश्चिम मध्य रेलवे केन्द्रीय चिकित्सालय, जबलपुर द्वारा अपर लाइन रेलवे कॉलोनी में क्षयरोग (टी.बी.) निदान एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर डॉ. संदीप कुमार चौहान, मंडल चिकित्सा अधिकारी, के मार्गदर्शन में धीरेन्द्र कुमार तिवारी, टी.बी. हेल्थ विजिटर द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम के संचालन में चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर आर. पी. गुप्ता एवं राजेश ठाकरे सहित चिकित्सा दल ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
शिविर के दौरान टी.बी. हेल्थ विजिटर धीरेन्द्र कुमार तिवारी द्वारा क्षयरोग के लक्षण, रोकथाम, निःशुल्क जांच एवं निःशुल्क दवा वितरण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर कुल 54 महिला एवं पुरुषों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई तथा 7 संभावित व्यक्तियों को बलगम जांच हेतु फोलोकन ट्यूब प्रदान की गई।
आर. पी. गुप्ता, चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर एवं राजेश ठाकरे द्वारा शिविर में उपस्थित लोगों को स्वच्छता, टी.बी. रोग की प्रारंभिक पहचान एवं बीसीजी टीकाकरण के महत्व के बारे में अवगत कराया गया।
कोलोनीवासियों ने प्रश्नोत्तर सत्र में पोषण आहार राशि, निक्षय मित्र योजना, तथा टी.बी. रोगी के परिवार के सदस्यों द्वारा बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। रेलवे परिवार कल्याण केंद्र के माध्यम से उपस्थित सभी लोगों को क्षयरोग जागरूकता पम्फलेट भी वितरित किए गए।
