
नई दिल्ली। असम में फर्स्ट ईयर के 3 आईटी स्टूडेंट्स पिछले काफी समय से लापता थे। उनके झरने में गिरने की आशंका जताई जा रही थी। वहीं, अब उनमें से 1 छात्रा की लाश बरामद की गई है, लेकिन 2 लोग अभी भी लापता हैं।
मृतका की पहचान 20 वर्षीय सर्वकृतिका के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। सर्वकृतिका असम के सिलचर स्थित एक एनआईटी कॉलेज में फर्स्ट ईयर की छात्रा थी। सर्वकृतिका के दो दोस्त, 19 वर्षीय राधिका (बिहार) और 20 वर्षीय सौहार्द राय का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।
झरना देखने पहुंचे थे 7 छात्र-छात्राएं
असम पुलिस के अनुसार, 7 लोगों का एक ग्रुप झरना देखने गया था। इस दौरान किसी 1 का पैर फिसल गया। 2 लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन खुद भी पानी में गिर गए। झरने के तेज बहाव में तीनों बह गए।
एनडीआरएफ चला रही बचाव अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही एनडीआरएफ की टीम ने बचाव और राहत कार्य चलाया। सर्वकृतिका का शव मिलने के बाद एनआईटी ने भी इस घटना की पुष्टि की है। एनआईटी ने बताया कि घटनास्थल कॉलेज से 55 किलोमीटर की दूरी पर है। यह हादसा शनिवार की दोपहर लगभग 2 बजे बौलसोल झरने के पास हुआ था।