बताया गया है कि ग्राम धारमारा लांजी जिला छिंदवाड़ा में भिखारी पिता तीजलाल खरे, मंगल देवाहे व पुसऊ महारिया के खेत आसपास है। जहां पर 17 एकड़ में तीनों किसानों की फसल लहलहा रही थी। जिसमें आज तड़के अचानक आग लग गई। जिसने तीनों खेत को अपनी चपेट में ले लिया। आग के विकराल रुप धारण करने से लपटें दूर दूर तक दिखाई देने लगी। फसलों में आग देख किसान पहुंच गए, जिन्होने परिवारों सहित पानी डालकर आग को बुझाने की कोशिश की लेकिन आग इतने बड़े क्षेत्र में लगी थी, जिसे बुझाना संभव न हुआ और देखते ही देखते पूरी फसल जलकर खाक हो गई। किसानों की सूचना पर दमकल वाहन पहुंचे लेकिन उस वक्त तक किसानों की फसलें जलकर नष्ट हो चुकी थीं। हालांकि धान की खारी में लगी आग पर बाद में फायर वाहन की मदद से काबू पा लिया गया। गौरतलब है कि क्षेत्र के किसान अक्टूबर के अंत में हुई बारिश से पहले ही फसल खराब होने से परेशान थे। बारिश थमने के बाद किसानों ने अपने खेतों में कटाई शुरू की थी और फसलों को काटकर खेतों में ही रखा जा रहा था। इसी बीच हुई इस आगजनी की घटना ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। कंसुली पंचायत के सरपंच लीलाराम मानकर ने बताया कि फसल जल जाने से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा राशि प्रदान करने की मांग की है
Tags
balaghat