सीधी. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल में आज 2 अक्टूबर दशहरा के दिन रामपुर नैकिन स्टेशन शामिल हुआ. इसका उद्घाटन भव्यता के साथ किया गया. साथ ही रीवा से भी पहली ट्रेन नये स्टेशन पर पहुंची. यह ट्रेन मड़वा और बघवार रेलवे स्टेशन होते हुए पहुंची, जिससे क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखा गया। रेलवे विभाग के प्रयासों से रामपुर नैकिन स्टेशन यात्री ट्रेन संचालन के लिए तैयार है।
इस नये रेलवे स्टेशन का उद्घाटन समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया, जिसमें समाजसेवी, एसडीएम, थाना प्रभारी और अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। स्टेशन परिसर में रेड कारपेट बिछाई गई थी। यात्रियों का स्वागत किया गया। चुरहट के एसडीएम शैलेश द्विवेदी और रामपुर नैकिन के थाना प्रभारी ने इस आयोजन का निरीक्षण किया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह रामपुर नैकिन क्षेत्र के लोगों के लिए उपलब्धि है। यहां तक ट्रेन की पटरियां तैयार हो चुकी हैं। यात्री ट्रेन ने सफलतापूर्वक संचालन शुरू कर दिया है। रेल अधिकारी सिद्धार्थ पटेल ने बताया कि 2026 के अंत तक सीधी जिले में रेलवे नेटवर्क का पूर्ण विकास कर लिया जाएगा, जिससे क्षेत्र में नियमित ट्रेन सेवाएं शुरू हो सकेंगी।
