khabar abhi tak

गोरखपुर ट्रेन में अचानक चढ़ी भारी भीड़, युवक का घुटने लगा दम, अस्पताल ले जाते समय मौत

गोरखपुर. दीपावली की छुट्टी मनाने गुजरात से गोरखपुर जा रहे एक यात्री की भारी भीड़ में दम घुटने से मौत हो गई. फेस्टिव सीजन होने के कारण ट्रेन यात्रियों से खचाखच भरी थी. शख्स का भीड़ में दम घुटने लगा. तबीयत इतनी खराब हुई कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई.

मृतक की पहचान गोरखपुर पडरौना के धरमपुर निवासी ज्ञानेंद्र गोंड के रूप में हुई. वो  32 साल का था. गुजरात में मजदूरी करता था. वो दिवाली पर घर जाने के लिए निकला था. जीआरपी के मुताबिक, दम घुटने से मौत का दावा मृतक के परिजनों का है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया था. असल कारणों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता लग पाएगा.

मृतक के भाई के पीयूष के मुताबिक- ज्ञानेंद्र वडोदरा में कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करते थे. दिवाली का त्योहार घर पर मनाने के लिए शनिवार को वह साथी मिंटू और श्रीप्रसाद के साथ वडोदरा-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन के जनरल कोच से आ रहे थे. ट्रेन में काफी भीड़ होने के वजह से ज्ञानेंद्र को उलझन हो रही थी. रविवार शाम को ट्रेन सेंट्रल स्टेशन पहुंची. वहां काफी यात्री चढ़े. इस दौरान कोच में पैर रखने तक की जगह तक नहीं बची. ज्ञानेंद्र की हालत बिगड़ गई.

मौके पर पहुंची जीआरपी ज्ञानेंद्र को उतारकर लोको अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि ट्रेन में भीड़ होने के कारण दम घुटने से ज्ञानेंद्र की मौत हुई है. पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर चले गए.


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak