बिहार चुनाव : महागठबंधन का साझा घोषणा पत्र जारी, तेजस्वी प्रण नाम रखा गया, नौकरी देंगे

 
पटना. आगामी विधानसभाा चुनाव को लेकर महागठबंधन (इंडिया गठबंधन) ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। महागठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरा घोषित हुए तेजस्वी यादव ने सभी घटक दलों के प्रमुख नेताओं के साथ इसे जारी किया। इसे 'तेजस्वी का प्रण पत्र' भी कहा गया है। 

तेजस्वी यादव ने कहा कि हमलोगों के लिए खास दिन है। हमलोगों को बिहार को बनाने का काम करना है। हमलोगों ने आपके सामने संकल्प पत्र रखा है। हमलोगों का प्रण है कि बिहार को नंबर वन कैसे बनाएं। यह दलों और दिलों का प्रण पत्र है। अगर हमें अपने प्राण देकर भी इसे पूरा करना पड़े तो इसे पूरा करेंगे। जब भी कोई बिहारी कुछ ठान लेता है तो इसे पूरा करता है। 

तेजस्वी यादव ने कहा कि कुछ बाहरी शक्तियां बिहार को उपनिवेश बनाना चाहते हैं। लेकिन, हमलोग ऐसा किसी भी हाल में नहीं होने देंगे। मैं सीएम नीतीश कुमार के प्रति सहानभूति रखता हूं। भाजपा और भ्रष्ट अधिकारियों ने नीतीश कुमार को पुतला बनाकर रखा है। भाजपा वाले केवल उनके चेहरे का इस्तेमाल कर रहे है। अमित शाह ने तो पहले ही स्पष्ट कर दिया कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं। विधायक दल तय करेगा कि एनडीए का मुख्यमंत्री कौन होगा? यानी एनडीए नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाने जा रही है। यह बात हमलोग पहले से ही कहते आ रहे हैं लेकिन अब यह बात स्पष्ट हो गई। महागठबंधन ने तो अपना सीएम फेस घोषित कर दिया लेकिन आज तक एनडीए ने घोषणा नहीं किया कि उनका मुख्यमंत्री कौन होगा? आपलोग पीएम मोदी और उनके नेताओं की बातों को सुनेंगे तो हर एक बात नकारात्मक लगेंगी। भाजपा के कोई भी नेता बिहार को आगे बढ़ाने के बारे में कोई बात नहीं करते हैं। 

बजट की चिंता मत कीजिए, हर परिवार में नौकरी देंगे

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता भ्रष्टाचारी सरकार को हटाकर रहेगी। आप सरकारी दफ्तर जाइए, वहां बिना पैसा का कोई काम नहीं होता है। अब विभाग मंत्री नहीं सचिव चला रहे हैं। आज के घोषणा पत्र में जितनी बातें कहीं गई हैं, वह सब लागू की जाएगी। वहीं रोजगार के लिए बजट कहां से लाएंगे? इस सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि हमलोग झूठे वादे नहीं करेंगे। एक-एक बातों पर एक्सपर्ट से चर्चा की गई है। काफी मंथन के बाद हमलोगों ने यह घोषणा पत्र लाया है। 2020 में भी लोग बोलते थे कि कहां से पैसा लाएगा? लेकिन, हम लोगों ने कर के दिखा दिया। 17 महीने में अपने वादे पूरे किए। अब फिर से कह रहे हैं एक एक परिवार को नौकरी देंगे। आपलोग बजट की चिंता मत कीजिए। तेजस्वी यादव ने कहा कि 14 नवंबर को आने वाली सरकार, आप सभी के लिए बिहार में ही रोजी-रोजगार का प्रबंध करेगी। बिहार का कोई भी बेटी बेटा मजबूरी में अपने पिता अपनी माता को छोड़ कर बाहर जाने को विवश ना हो यही प्रार्थना और संकल्प करते हैं। हमलोग बिहार की धरती को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

यह संकल्प पत्र, नए बिहार की नींव रखेगा

वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि हमलोगों ने एक संकल्प पत्र रखा है। बिहार में पांच साल हमलोगों को जनता के बीच रहना है। यह संकल्प पत्र एक नए बिहार की नींव रखेगा। आप दूसरी तरफ देखेंगे तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का कोई संकल्प पत्र ही नहीं है। इतनी कमियों के बावजूद उन्हें लगता कि बिहार बहुत खुशहाल है। इसलिए वह अपना घोषणा पत्र जारी नहीं कर रहे। लेकिन, अब जनता बदलाव चाहती है। इसलिए महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है।

सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन स्कीम लाई जाएगी

वहीं भाकपा माले के वरिष्ठ नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि इस संकल्प पत्र में मंडी व्यवस्था को चालू करने की बात है। सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन स्कीम लाई जाएगी। सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर खूब ध्यान दिया गया है। सरकार बनने के बाद बुजुर्गो का पेंशन 3000 कर दिया जाएगा। 

Post a Comment

Previous Post Next Post