khabar abhi tak

जबलपुर : कोचिंग जाने निकली छात्रा का शव दो दिन बाद रेल लाइन पर मिला

सुसाइड नोट मिला, लिखा-मैं अब जा रही हूं, कभी नहीं लौटूंगी

जबलपुर. एमपी के जबलपुर से पिछले दो दिनों से अचानक गायब 17 वर्षीय छात्रा का शव गाडरवारा के समीप रेल लाइन पर मिला है। छात्रा श्रीनाथ की तलैया क्षेत्र में अपनी बुआ के घर रहकर कक्षा 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। शनिवार की देर शाम कोचिंग के लिए निकली थी, व  रात तक घर नहीं लौटी। तब परिजनों ने लार्डगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

रविवार 19 अक्टूबर की देर देर रात नरसिंहपुर जिले के सालीचौका में रेलवे ट्रैक के पास एक शव मिलने की जानकारी पर पुलिस पहुंची। सालीचौका पुलिस को मौके पर छात्रा का बैग और सुसाइड नोट मिला। जिसमें लिखा है कि मेरे कारण सब परेशान थे, मैं अब जा रही हूं, कभी नहीं लौटूंगी, सब खुश रहना। बैग में मिले नंबर से संपर्क कर बुआ के परिवार से वीडियो कॉल पर शव की पहचान कराई गई। उसके बाद तुरंत परिजन सालीचौका उप थाना पहुंच गए। छात्रा गोसलपुर के सिलुआ गांव की रहने वाली थी। नरसिंहपुर पुलिस ने सुसाइड नोट और मोबाइल फोन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

पीएम से चलेगा मौत के कारणों का पता

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेजा और फिर परिजनों को सौंप दिया। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही छात्रा की मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। आज सोमवार को छात्रा का अंतिम संस्कार गृह ग्राम गोसलपुर में किया जाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि छात्रा जबलपुर से करीब 150 किलोमीटर दूर गाडरवारा तक कैसे पहुंची।

परिजनों का आरोप- हत्या हुई

परिजनों ने आत्महत्या की थ्योरी पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हर्षिता आत्महत्या नहीं कर सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि उससे दबाव में सुसाइड नोट लिखवाया गया और उसकी हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। शव पर चोट के निशान भी हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak