भाजपा IT सेल के सदस्य ने की आत्महत्या, घर में एसी-कार न होने से था नाराज..!
byKhabarAbhiTak-
0
छतरपुर। चंदला की तलैया में बीते दो दिनों से चल रहे रेस्क्यू के बाद आखिरकार गुमशुदा युवक हर्ष साहू का शव बरामद कर लिया गया। हर्ष 15 सितम्बर की रात घर से बिना बताए चला गया था, इसके बाद से परिजन तलाश में जुटे रहे। आज उसका शव तलैया में उतराता मिला।
छतरपुर के चंदला क्षेत्र में रहने वाला हर्ष साहू उम्र 19 वर्ष सीएम राइज स्कूल में 12वीं का छात्र था। उसने पिछले महीने ही भाजपा आईटी सेल की सदस्यता ली थी। वह नेता बनना चाहता था। परिजन ने बताया कि घर में एसी न लगवाने और कार न आने से वह नाराज था। नाराजगी के चलते वह 15 सितम्बर की देर रात घर से चला गया, घर न लौटने पर 16 सितंबर को चंदला पुलिस को जानकारी दी गई। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने साइबर सेल की मदद से हर्ष के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करवाई। पता चला कि थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर मोबाइल सक्रिय है। पुलिस मौके पर पहुंची और तलैया के आसपास तलाशी के दौरान मोबाइल-जूते बरामद किए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल एसडीईआरएफ टीम को सूचित किया। टीम ने 16 सितंबर की देर शाम करीब ढाई घंटे तक तलैया में रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। आज बुधवार को सुबह गोताखोरों की टीम ने एक बार फिर तलाशी अभियान शुरू किया और जाल में फंसे हर्ष के शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि हर्ष ने पिता से घर में एसी लगवाने और कार लेने की बात कही थी। पिता ने पढ़ाई करने की बात कहते हुए मना कर दिया। वह नेता बनना चाहता था। डेढ़ माह पहले उसने बीजपी आईटी सेल की सदस्यता ली थी। वह विधायक और राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार के साथ रहता था। मंत्री के साथ हर्ष की तस्वीर भी सामने आई है।