CM राइज स्कूल का स्लैब गिरा, 10 मजदूर घायल, निर्माण में घटिया सामग्री का आरोप..!
byKhabarAbhiTak-
0
सिवनी। केवलारी में निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय (पूर्व नाम सीएम राइज स्कूल) में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां पर बिल्डिंग का एक स्लैब भरभराकर गिर गया, जिससे वहां काम कर रहे 10 मजदूर घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें सिवनी जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बताया गया है कि इस स्कूल का निर्माण कार्य 19 फरवरी 2024 को शुरू हुआ था और ठेका एएनवी कंसल्ट्रेशन कंपनी भोपाल को दिया गया है। बीती शाम 5 बजे के लगभग श्रमिक काम में जुटे रहे, इस दौरान बिल्डिंग का स्लैब भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर दस से ज्यादा मजदूर दब गए। हादसे को लेकर अन्य मजदूरों में चीख पुकार व अफरातफरी मच गई, शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए, जिनकी सूचना पर स्थानीय पुलिस, प्रशासन के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला और तुरंत सिविल अस्पताल केवलारी पहुंचाया। घायलों में धन सिंह झारिया, राजाराम, गजेन्द्र, लोकेश उईके, बलीराम परतेती, राकेश मरावी और कोमल कुशवाहा सहित अन्य शामिल हैं। घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाएं व्याप्त रही, लोगों का कहना था कि इस घटना से साफ है कि निर्माण में बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है। मजदूरों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे और क्या समय-समय पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया था या नहीं।