फायर ब्रिगेड व टैंकर से जलापूर्ति के प्रयास
जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय के जबलपुर स्टेशन सहित तमाम रेल कालोनियों में पिछले 12 घंटों से पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है. बताया जाता है कि नर्मदा तट ललपुर से रेलवे स्टेशन तक आने वाली पाइप लाइन फूट गई है, जिससे जलापूर्ति बाधित हुई है. खास बात यह है कि समाचार लिखे जाने तक जलापूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। रेलवे नगर निगम के टैंकरों व फायर ब्रिगेड के वाहनों से पुल नंबर के पास बने जलशोधन संयंत्र में पानी मंगवा कर आपूर्ति का प्रयास कर रहा है, लेकिन ये प्रयास भी ऊंट के मुंह में जीरे के समान साबित हो रहा है.
बताया जाता है कि रेलवे में पानी का संकट बुधवार 24 सितम्बर की देर शाम से शुरू हुआ, जो आज गुरूवार 25 सितम्बर को भी जारी रहा. प्लेटफार्मों पर यात्रियों को स्टेशन पर जलापूर्ति तो प्रभावित रही ही, साथ ही नवरात्र के पावन पर्व के मौके पर शहर की तमाम रेल कालोनियों में हाहाकार मचा रहा। रेल कर्मचारी व उनके परिवार आसपास के क्षेत्रों में पानी के लिए भटकते रहे। नवरात्रि पर अधिकांश लोग उपवास हैं, उन्हें आज सुबह स्नान व पीने तक का पानी मुहैया नहीं हो सका है। वहीं रेल प्रशासन का दावा है कि टूटी पाइप लाइन को दुरुस्त कर दिया गया है. जलापूर्ति कुछ घंटे में सामान्य हो जायेगी.
डीआरएम कर रहे मानीटरिंग
बताया जाता है कि मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा अचानक आये जल संकट को देखते हुए जलशोधन संयंत्र में कई बार आ चुके हैं, इंजीनियर्स व तकनीकी स्टाफ लगातार ललपुर से आपूर्ति होने वाली पाइप लाइन में सुधार कार्य कर रहे हैं, किंतु अभी तक सफलता नहीं मिल सकी है. जिससे रेलवे स्टेशन के अलावा रेल कालोनियों में जबर्दस्त जल संकट बना हुआ है.
