पुलिस को मिली खबर, पीड़ित-आरोपी गायब
जबलपुर। मंडी मदार टेकरी में मंगलवार देर रात ऑटो चालकों में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। दोनों ओर से लोग एकत्र हो गए। तमाशीबीनों की भीड़ लग गई। सड़क पर भीड़ की वजह से वाहनों की कतार लग गई। इस दौरान दोनों पक्ष के लोग बीच सड़क एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करते देखे गए। इस दौरान मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। मामले में पुलिस ने बताया कि आरोपी का पता चला था, उससे संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।
हनुमानताल थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि मंडी मदार टेकरी के पास ऑटो चालकों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी, लेकिन तब तक आरोपी और पीड़ित भाग गए थे। पुलिस दल ने छानबीन की थी और एक आरोपी का नाम और मोबाइल नंबर ढूढ़ लिया था।
ये था मामला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क से गुजर रहे दो ऑटो चालकों ने वाहन रोक लिए थे। इस दौरान दोनों के बीच झूमा-झटकी होने लगी थी। इधर, जरा सी देर में दोनों ओर से लोग एकत्र हो गए थे। आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। इस दौरान सड़क पर जाम लग गया था। बताया गया है कि मोबाइल छीने जाने को लेकर विवाद गहराया था। उधर, दूसरी ओर से चाकू निकालकर धमकाने की बात सामने आई थी।
