उमंग सिंघार व कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ रागिनी नायक जबलपुर के मानस भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम शहर जिला कांग्रेस कमेटी, जबलपुर द्वारा आयोजित भारतीय संविधान एवं सामाजिक न्याय पर 6 साप्ताहिक निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह का हिस्सा था। विधायक लखन घनघोरिया, पूर्व विधायक तरुण भनोत, कांग्रेस के सभी पार्षद और कार्यकर्ता भी मौजूद थे। इस मौके पर सिंघार ने केंद्र सरकार व भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा देशभक्ति की बात करती है, पाकिस्तान का विरोध करती है। उन्होंने हाल के युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने युद्ध विराम किया, जो पूरे देश की भावना के खिलाफ था। सिंघार ने भाजपा पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा आप पाकिस्तान से व्यापार नहीं करना चाहते, चर्चा नहीं करना चाहते, लेकिन खेल के मैदान में ब्रांडिंग और पैसा कमाने के लिए आप पाकिस्तान की क्रिकेट टीम के साथ खेलना चाहते हैं। उन्होंने सीधे तौर पर जय शाह और अमित शाह से सवाल पूछा कि उनका पाकिस्तान प्रेम वापस क्यों आया। सिंघार ने यह भी पूछा कि क्या दुबई में हो रहे मैच को लेकर उनकी भावनाएं देश की भावनाओं से अलग हैं उन्होंने तंज कसते हुए कहा क्या आप पाकिस्तान प्रेमी हो गए हैं। उमंग सिंघार ने बच्चों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि छात्रों को मोटिवेट करना और जागरूक बनाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि इस तरह की सामान्य ज्ञान की प्रतियोगिताएं होती रहें। सिंघार ने जबलपुर के बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि वे ज्ञान से भरपूर हैं और अगली बार इस प्रतियोगिता को बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा।