khabar abhi tak

बस के कुचलने से मां और 15 दिन की नवजात की मौत, गुस्साए लोगों ने बस में की तोडफ़ोड़..!

 

रायसेन। सागर-भोपाल रोड स्थित नकतरा में आज शाम 7 बजे के लगभग तेज गति से आ रही बस ने घर के बाहर बैठी महिला और उसकी 15 दिन की नवजात बच्ची को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने बस में तोडफ़ोड़ कर दी।

                                प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गाय को बचाने के चक्कर में बस पहले एक बाइक से भिड़ गई। उसके बाद बेकाबू होकर घर के बाहर बैठी महिला और बच्ची को रौंद दिया। महिला का भतीजा भी बस की चपेट में आकर घायल हो गया। सूचना मिलते ही नकतरा पुलिस मौके पर पहुंची। देवनगर और रायसेन मुख्यालय से भी पुलिस बल मौके पर भेजा गया। पुलिस ने बस जब्त कर थाने में खड़ी कर दी। बस सागर से भोपाल की तरफ जा रही थी। नकतरा निवासी जितेंद्र लोहार की पत्नी रेखा लोहार की 15 दिन पहले ही डिलीवरी हुई थी। वह अपनी बच्ची के साथ घर के बाहर बैठी थी। शाम 7 बजे के करीब सागर से भोपाल की तरफ जा रही बस बेकाबू होकर घर की तरफ आ गई। जिससे दोनों उसकी चपेट में आ गई। घटना के बाद लोहार समाज के लोग बड़ी संख्या में सड़क पर आ गए। उन्होंने बस में तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी भी वहां पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझाया और कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद लोग शांत हुए।

हादसे में एक बच्चा घायल-

पुलिस का कहना है कि बाइक को टक्कर मारने के बाद बस बेकाबू हो गई। ड्राइवर बस को कंट्रोल नहीं कर पाया। हादसे में महिला का भतीजा घायल हुआ है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर तहसीलदार भरत मंड्रे अस्पताल पहुंचे और घायल का हाल जाना।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak