मुंबई. टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या मैदान पर अपने छक्कों-चौकों के लिए तो मशहूर हैं ही, लेकिन मैदान के बाहर वह अपने लग्जरी लाइफस्टाइल और खासकर महंगी घडिय़ों के कलेक्शन को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। एक बार फिर हार्दिक अपनी एक घड़ी को लेकर चर्चा में हैं, जिसकी कीमत सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक तस्वीर में उन्होंने जो घड़ी पहनी है, उसकी कीमत 100 बीएमडबलू कारों से भी ज्यादा बताई जा रही है।
हार्दिक पंड्या ने जो घड़ी पहनी है, वह रिशार मिल आरएम 56-03 ब्लू सफायर मॉडल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह एक अल्ट्रा-लक्जरी टूरबिलन वॉच है, जिसके दुनिया में केवल 3 ही पीस बनाए गए हैं। बाजार में इसकी कीमत 50 से 53 करोड़ रुपये के बीच आंकी गई है। यह घड़ी अपने ट्रांसपेरेंट डिजाइन के लिए मशहूर है और इसका केस बनाने में 40 दिन से ज्यादा का समय लगता है। यह पूरी तरह से स्क्रैच-प्रूफ है और 50 मीटर तक वॉटर-रेजिस्टेंट भी है।
ऐसा नहीं है कि हार्दिक के पास सिर्फ यही एक महंगी घड़ी है, उनके कलेक्शन में कई ऐसी घडिय़ां हैं जिनकी कीमत करोड़ों में है। वैसे, सिर्फ कलाई पर ही नहीं, बल्कि क्रिकेट के मैदान पर भी हार्दिक का टाइम शानदार चल रहा है। यूएई में खेले जा रहे एशिया कप में वह गेंद और बल्ले दोनों से कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी दमदार फॉर्म की बदौलत टीम इंडिया टूर्नामेंट के फाइनल में भी पहुंच चुकी है, जो 28 सितंबर को खेला जाएगा।
