V-2 मॉल की लिफ्ट गिरी, मची चीख-पुकार, भगदड़ 11 घायल,5 महिलाओं की हालत गंभीर, त्यौहार के चलते रही भीड़..!

छिंदवाड़ा।  लालबाग क्षेत्र में  देर शाम वी-2 शॉपिंग मॉल की लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई। लिफ्ट में सवार 2 बच्चे, 5 महिलाओं सहित 11 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मॉल में चीख पुकार व अफरातफरी मच गई। घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भेजा गया है। जहां पर पांचों महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।                                                                                          
                                                                  बताया गया है कि लालबाग क्षेत्र के वी-टू मॉल में रक्षाबंधन के त्यौहार के चलते भीड़-भाड़ का माहौल रहा। महिलाएं व युवतियां खरीददारी कर रही थी। वहीं कुछ लोग खरीददारी करके लौट भी रहे थे। इस दौरान महिलाएं व बच्चे लिफ्ट से नीचे उतर रहे थे, तभी मॉल की लिफ्ट का वायर टूट गया, जिससे लिफ्ट सीधे नीचे आकर गिर गई। जिससे लिफ्ट में सवार महिलाओं व बच्चों में चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर मॉल के कर्मचारी व अन्य लोग भागते हुए पहुंचे और लिफ्ट में फंसे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद मॉल में भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई थी। खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे में सामने लिफ्ट गिरने के कुछ ही पलों बाद अंदर मौजूद ग्राहक डर के मारे मॉल से बाहर भागते नजर आए। कुछ लोगों की चीख-पुकार से माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया था। गौरतलब है कि मॉल कुछ समय पहले ही शुरू हुआ है। हादसे के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही मॉल की अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जाएगी।


लिफ्ट गिरने से इन्हे आई है चोट-                                                                                                                           

-रीता रघुवंशी उम्र 30 वर्ष

-दीनम वर्मा उम्र 31 वर्ष

-माधुरी वर्मा उम्र 34 वर्ष

-शर्मिला इनवाती उम्र 37 वर्ष

-अरुण इनवाती उम्र 35 वर्ष

-हर्षा बरसैया उम्र 41 वर्ष  

-श्यामवती

-यशी उम्र 5 वर्ष

अन्य लोगों को लोगों को मामूली चोट आई थी। वे प्राथमिक उपचार के बाद घर चले गए।

मॉल से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता ने बताया कि मॉल से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी ये मिली है कि लिफ्ट में लिफ्टमैन नहीं था। इसके अलावा लिफ्ट संचालन के लिए क्या नियम और शर्तें होती हैं, उसकी जांच की जा रही है। 

लिफ्ट में क्षमता से ज्यादा लोग थे-

इस मामले में स्टोर मैनेजर गणेश का कहना है कि लिफ्ट की कैपेसिटी 5 से 6 लोगों की है। लिफ्ट में जरूरत से ज्यादा लोग चढ़े थे, जिन्हें हमारे स्टाफ ने मना भी किया था। उसके बाद भी वह नहीं माने और हादसा हो गया।


Post a Comment

Previous Post Next Post