जबलपुर। विजयनगर में अहिंसा चौक से बन रही कॉन्क्रीट की सड़क का एक ऐसा कारनामा सामने आ रहा है, जिसमें सड़क बन जाने के बाद क्षेत्रीय लोग पानी के लिए परेशान ही रहेंगे। यह माजरा है पाइप लाइन लीकेज का। विजयनगर के कचनार सिटी और स्कूल के बीच में सड़क पर पानी बह रहा है और उस पर गिट्टियां बिछा दी गई है, जिसके बाद इस पर सीमेंट का मिश्रण डालने की तैयारी की जा रही है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस जगह पर सालों से पानी का लीकेज है। इस पानी की वजह से साल भर इस जगह पर पानी बहता रहा है। इससे यहां की सड़क भी चौपट हो गई है। लोग कहते हैं कि इसकी मरम्मत नहीं किए जाने से लोगों के घरों में अशुद्ध पानी आता है या फिर कभी-कभी पानी का टोटा रहता है।
सड़क बनने के पहले इसकी शिकायत क्षेत्रीय पार्षद कमलेश अग्रवाल से की गई है लेकिन उसके बाद भी कुछ नहीं हो सका। लोग कहते हैं कि यदि कॉन्क्रीट की यह सड़क बना दी गई तो लोगों को हमेशा पानी के लिए परेशान होना पड़ेगा।
कहते हैं लोग
यहां हमेशा सड़क पर पानी बहता रहता है। इसकी मरम्मत नहीं हो रही है।
प्रकाश
कई बार इसके लिए निगम को भी बताया गया है लेकिन कुछ नहीं हुआ।
संदीप
सड़क बनने के पहले नीचे की पाइप लाइन दुरूस्त की जानी चाहिए।
अजय
