khabar abhi tak

भीषण ट्रेन हादसा, टेक्सास में 35 डिब्बे पटरी से उतरे, एक-दूसरे पर चढ़ी बोगियां

टेक्सास. अमेरिका के टेक्सास राज्य में एक बड़ा रेल हादसा हुआ है, जहाँ यूनियन पैसिफिक की एक मालगाड़ी के 35 डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना गॉर्डन कस्बे के पास हुई, जो फोर्ट वर्थ से लगभग 100 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।

हादसे के बाद की तस्वीरें भयावह हैं, जिनमें कई डिब्बे एक-दूसरे के ऊपर चढ़े हुए और मलबे के ढेर में तब्दील नजर आ रहे हैं। पेलो पिंटो काउंटी की आपातकालीन सेवाओं ने हादसे को खतरनाक बताया है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ट्रेन के इन डिब्बों में क्या सामान लदा हुआ था।

अधिकारियों के अनुसार, किसी भी डिब्बे से किसी भी तरह के रिसाव की कोई खबर नहीं है, जिससे एक बड़े खतरे ने टल गया है। यूनियन पैसिफिक की प्रवक्ता रोबिन टिसवर ने बताया कि हादसे के कारण पास की घास में आग लग गई थी, जिसे फायर डिपार्टमेंट ने सतर्कता बरतते हुए बुझा दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने यह भी पुष्टि की है कि आसपास की किसी भी इमारत को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

पटरी से डिब्बों को हटाने और ट्रैक की मरम्मत का काम जल्द शुरू किया जाएगा ताकि रेल यातायात को फिर से बहाल किया जा सके। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे जांच और बचाव कार्य में बाधा न डालें और घटनास्थल से दूर रहें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak