भाजपा OBC मोर्चा के प्रदेश मंत्री ने बंदूक लेकर दी धमकी, BJP नेता- यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने एक-दूसरे के खिलाफ की शिकायत

 

मंडला। मंडला के बम्हनी में यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशीष जैन उर्फ आशु व भाजपा ओबीसी मोर्चे के प्रदेश मंत्री राजेश पटेल के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ बम्हनी थाने में शिकायत की है। पुलिस अधिकारियों ने दोनों नेताओं की शिकायत पर जांच शुरु कर दी है। 

                            पुलिस अधिकारियों को दी गई शिकायत में आशीष जैन ने बताया कि वे परसवाड़ा से मंडला लौट रहे थे। बम्हनी बस स्टैंड के समीप  राजेश पटेल व उनके 4-5 साथियों ने आशीष की गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। यहां तक कि आरोपियों ने बंदूक निकालकर उन्हें धमकाया। गाड़ी में सवार लोग डर गए और वहां से भाग निकले। आरोपियों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया। बम्हनी थाने के पास एक पेट्रोल पंप के आगे डस्टर गाड़ी से उनकी गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद राजेश और उनके साथियों ने बंदूक के साथ गाड़ी से उतरकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आशु ने स्थिति को संभालने के लिए मोबाइल कैमरा चालू किया। इसे देखकर आरोपी पीछे हट गए। आशीष ने शिकायत में यह भी कहा कि यदि कैमरा चालू ना किया होता तो उनकी जान को खतरा हो सकता था। डर के कारण वह रात में थाने नहीं जा सके। आशीष का कहना है कि वे मंडला में अवैध शराब के कारोबार का विरोध करते रहे हैं। जिसके चलते यह सबकुछ किया गया है।  पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर जांच शुरू कर दी है। 

राजेश पटेल ने कहा, बिना नंबर की बोलेरो ने कट मारा-

वहीं दूसरी ओर शराब ठेकेदार राजेश पटेल ने भी बम्हनी थाने में आशीष उर्फ आशु जैन के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। राजेश ने आरोप लगाया कि रात करीब 12.30 बजे जब वह बम्हनी बस स्टैंड पर खड़े थे। इस दौरान एक बिना नंबर की बोलेरो गाड़ी उन्हें कट मारते हुए निकली। गाड़ी में सवार लोगों ने उन्हें गालियां दीं। राजेश ने तुरंत इसकी सूचना बम्हनी थाने को दी। इसके बाद जब उन्होंने गाड़ी को रोककर पूछताछ की तो उसमें आशु जैन को देखा, जो मोबाइल से वीडियो बना रहा था। राजेश के अनुसार आशु ने वीडियो बंद कर गाली-गलौज शुरू की और उन्हें धमकी दी। राजेश ने भी आशु से अपनी जान को खतरा बताया है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा, जांच के बाद कार्यवाही की जाएगी-

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें मिली हैं। मामले की जांच नैनपुर एसडीओपी को सौंपी गई है। साथ ही हथियारों के उपयोग के संबंध में नोटिस जारी किया जाएगा। एसपी ने आश्वासन दिया कि जांच में आए तथ्यों के आधार पर कार्यवाही की जाएगी। 


Post a Comment

Previous Post Next Post