khabar abhi tak

Railway- कटनी स्टेशन के पास रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में जमकर लूटपाट, छत्तीसगढ़ी अभिनेत्री की पिटाई

20 यात्रियों का सामान ले गये बदमाश, आरपीएफ-जीआरपी स्टाफ ट्रेन से गायब रहा

बिलासपुर/कटनी. एमपी के रीवा से होकर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर तक चलने वाली रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में कटनी स्टेशन के पास 20 जून की रात लुटेरों ने खूब आतंक मचाया। रीवा से दुर्ग आ रही छत्तीसगढ़ी एक्ट्रेस से लूट की कोशिश की गई। विरोध करने पर लुटेरों ने एक्ट्रेस के चेहरे पर मुक्का मार दिया।

ज्योत्सना ताम्रकार ने बताया कि आउटर में ट्रेन के रुकते ही 12 से ज्यादा बदमाश अंदर घुसे। गेट बंदकर 20 से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाया। उन्होंने इस घटना की शिकायत भी की, लेकिन आरपीएफ और जीआरपी से कोई मदद नहीं मिली।

बदमाश ने मुक्का मारा

दरअसल, दुर्ग की रहने वाली ज्योत्सना छत्तीसगढ़ी फिल्म की एक्ट्रेस हैं। वो रायपुर में रहती हैं। बीते 17 जून को वो पारिवारिक काम से अपनी मौसी के घर रीवा गई थी, जहां से 19 जून की रात करीब 10 बजे रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में सवार हुईं। ट्रेन में स्लीपर कोच में साइड लोअर बर्थ मिला था। रात करीब 2 बजे ट्रेन कटनी स्टेशन पहुंची, तभी ज्योत्सना अपनी सीट पर मोबाइल देख रहीं थी। बैग सिरहाने पर था। इसी दौरान खिड़की से लुटेरे आए। मोबाइल और बैग लूटने की कोशिश की, जिसका ज्योत्सना ने विरोध किया। इस दौरान एक बदमाश के हाथ को कसकर पकड़ लिया। नहीं छोडऩे पर बदमाश ने मुक्का मार दिया। मारपीट में आंख के नीचे चोंटें आई। लुटेरे के हमला करने के बाद 139 पर शिकायत भी की, लेकिन कोई मदद नहीं मिली।

20 से ज्यादा यात्रियों से लूटपाट

ज्योत्सना ने बताया कि कटनी स्टेशन में 20 से अधिक यात्रियों से लूटपाट और चोरी की गई। रात में ज्यादातर यात्री नींद में थे। उसी समय मौका पाकर गैंग के सदस्यों ने अलग-अलग बोगी में वारदात को अंजाम दिया। एसी कोच से लेकर स्लीपर कोच में 20 से अधिक यात्रियों का सामान पार कर दिया।

पहले की रेकी  फिर गेट बंदकर वारदात को दिया अंजाम

ज्योत्सना ने बताया कि लुटेरों ने स्टेशन पहुंचने से पहले ही गेट को बाहर से बंद कर दिया था, ताकि यात्री हंगामा न मचा सके। पहले से उन्होंने यात्रियों के सामानों को टारगेट कर लिया था। यही वजह है कि स्टेशन पहुंचते ही उन्होंने यात्रियों का सामान पार करना शुरू कर दिया।

ट्रेन में गायब रहे सुरक्षाकर्मी

ज्योत्सना ने बताया कि ट्रेन में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। न तो आरपीएफ के जवान थे और न ही जीआरपी, जब उन्हें पता चला कि कई यात्रियों से इस तरह की वारदात हुई है, जिसके बाद 139 में कॉल कर शिकायत की। उन्हें बताया गया कि अगले स्टेशन पर सुरक्षा बल आएगा, लेकिन वहां भी कोई नहीं आया। बार-बार कॉल करने के बाद नरसिंहपुर स्टेशन में जवान आए और उनका बयान दर्ज किया।

वीडियो शेयर की, तब पहुंचे अधिकारी

ज्योत्सना ने बताया कि वह बिलासपुर स्टेशन पहुंची। यहां करीब एक घंटे तक वो रेलवे के जिम्मेदार अफसरों के आने का इंतजार करती रहीं, लेकिन कोई नहीं पहुंचा, तब उन्होंने स्टेशन पर एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो को पीएम, रेलमंत्री से लेकर रेलवे के अधिकारियों को भी टैग किया। तब जाकर जीआरपी प्रभारी पहुंचे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak