khabar abhi tak

MP- जबलपुर में फिर बढ़ने लगे कोरोना, दो संक्रमित मिले, एक बुजुर्ग और एक युवक पॉजिटिव


जबलपुर.
 MP में तेजी से कोरोना के केस फिर से बढ़ने लगे हैं। जबलपुर में चार दिनों के अंदर दो कोरोना पॉजिटिव आए हैं। पहला मरीज मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती है, जबकि दूसरे मरीज को घर पर आइसोलेट किया गया है। हालांकि, दोनों मरीजों की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। 80 वर्षीय बुजुर्ग के बाद अब मदन महल क्षेत्र का 32 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उसकी रिपोर्ट निजी लैब में कराई गई जांच के बाद पॉजिटिव आई है।

मदन महल निवासी 32 वर्षीय युवक का स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा था। सर्दी और खांसी के लक्षणों के कारण उसमें कोरोना जैसे लक्षण नजर आ रहे थे, जिसके बाद डॉक्टर ने कोविड जांच कराने की सलाह दी। युवक ने एक निजी लैब में सैंपल जांच के लिए दिया, जिसके बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।

युवक को घर पर ही आइसोलेट किया गया है

सीएमएचओ डॉ. संजय मिश्रा ने बताया कि युवक को घर पर ही आइसोलेट किया गया है और उसके स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जांच में यह सामने आया है कि युवक हाल ही में किसी अन्य शहर से यात्रा करके लौटा है। तबीयत बिगड़ने के बाद उसने एक चिकित्सक से परामर्श लिया था। उसके संपर्क में आए व्यक्तियों को भी लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।

80 साल के बुजुर्ग की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव

चार दिन पहले एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की भी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उन्हें मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में आइसोलेट किया गया था। डॉक्टरों के अनुसार, बुजुर्ग को सांस लेने में तकलीफ के चलते कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती किया गया था। कोरोना की आशंका के कारण चिकित्सकों ने उनका सैंपल जांच के लिए भेजा था। मंगलवार रात आई रिपोर्ट में वे संक्रमित पाए गए।

स्वास्थ्य विभाग अब दोनों मरीजों के संपर्क में आए परिजनों और अन्य लोगों की पहचान कर उनके सैंपल ले रहा है। अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन को अलर्ट करते हुए कोविड उपचार से जुड़ी सभी सुविधाएं पुनः सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak