शर्मा कम्पाउंड में पिता-पुत्र पर हमला, आरोपी भाग गए
जबलपुर। गोरखपुर के शर्मा कम्पाउंड में गुरूवार रात बदमाशों ने ऐसी वारदात की है, जिसमें पिता-पुत्र पर चाकू से हमला कर गोली चलाई गई है। चाकू के हमले में पिता-पुत्र घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला लेन-देन का होना बताया है।
गोरखपुर पुलिस ने बताया कि शर्मा कम्पाउंड में रहने वाले पल्लव शर्मा और उसके पिता अतुल शर्मा घर के बाहर खड़े हुए थे। तभी लग्जरी कार में भरकर मोनू सबलोक और उसके साथी आए। कार से उतरते ही अतुल से दो लाख रूपए कार खरीदने के लिए मांगने लगा। इस दौरान अतुल ने मोनू से पैसे किस बात के देने की बात कही। इस बात को सुनते ही मोनू ने चाकू निकालकर उस पर वार कर दिया। मौके पर पल्लव ने बीच बचाव कर जान बचाने की कोशिश की तो मोनू ने उस पर भी चाकू से वार किया। हो-हल्ला सुनते ही कम्पाउंड के लोग एकत्र होने लगे। पल्लव के चाचा अजीत शर्मा मारपीट में अपने भाई और भतीजे को बचाने पहुंचे तो हमलावरों ने देसी कट्टे से फायर करने शुरू कर दिए। गोली चलते ही कम्पाउंड में लोगों के बीच भगदड़ मच गई। इधर, मौका मिलते ही आरोपी मोनू और उसके साथी कार में बैठकर घटनास्थल से भाग गए। एसपी ने मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम गठित की है।
