khabar abhi tak

पिकअप पलटी, 5 की मौत, हादसे के बाद मक्के की बोरियों के बीच बिखरे शव; 15 से ज्यादा लोग घायल

पटना. सारण में सोमवार की सुबह सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। 15 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मृतकों में तीन महिलाएं और एक बच्चा हैं। घायलों में 2 की हालत गंभीर है, जिसे पटना रेफर किया गया है। हादसा छपरा-हाजीपुर NH-19 पर हुआ। नयागांव थाना क्षेत्र के  बाजितपुर फोरलेन पर पिकअप वैन पलट गई।

बताया जा रहा है कि गाड़ी की स्पीड ज्यादा थी। बाजितपुर के पास अचानक पिकअप का एक चक्का ब्लास्ट कर गया, जिससे गाड़ी असंतुलित होकर पलट गई। सभी लोग दिघवारा से मक्का लोड कर हाजीपुर उसे भुनवाने जा रहे थे। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया

पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को सोनपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया है। घटनास्थल पर मक्के के बोरे बिखरे पड़े थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। प्रशासन घायलों के इलाज की व्यवस्था कर रहा है।

मृतकों में एक 7 साल का बच्चा

मृतकों की पहचान सारण जिले के दिघवारा निवासी राज कुमार पंडित की पत्नी अंजू देवी ( 48), राजू बैठा की पत्नी राधिका देवी (50), श्रवण राम के बेटे सोनू कुमार (23), पंचूराम की बेटी राजलक्ष्मी कुमारी (15), रामबाबू राम का 7 साल का बेटा शिवम कुमार शामिल हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak