नई ट्रेनों के संचालन, वंदे भारत, मेमू सेवा और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव पर हुई चर्चा
जबलपुर। भोपाल रेल मंडल क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और नई सेवाओं की मांग को लेकर बुधवार को पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह के साथ सांसदों की बैठक हुई। केंद्रीय राज्यमंत्री एवं बैतूल सांसद दुर्गादास उईके की अध्यक्षता में हुई बैठक में नई ट्रेनों के संचालन, विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव, नई रेल लाइनों, स्टेशन विकास और यात्री सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठे। सांसदों ने अपने क्षेत्रों की जरूरतों के अनुसार रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने और लंबित विकास कार्यों को गति देने के सुझाव दिए।
बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री एवं बैतूल सांसद दुर्गादास उईके, राजगढ़ सांसद रोडमल नागर, होशंगाबाद (नर्मदापुरम) सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े, ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह, राज्यसभा सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल और अशोक सिंह उपस्थित रहे। भोपाल सांसद आलोक शर्मा की ओर से उनके प्रतिनिधि ने बैठक में हिस्सा लिया। अन्य सांसदों ने भी अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से सुझाव भेजे।
बैठक की शुरुआत में महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सांसदों का स्वागत किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना, भोपाल-रामगंजमंडी नई रेल लाइन सहित पश्चिम मध्य रेल की विभिन्न विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से भोपाल मंडल में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति बताई।
नई ट्रेनों, ठहराव और रेल कनेक्टिविटी पर उठे मुद्दे
नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने इटारसी स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-हरिद्वार एक्सप्रेस, इंदौर-नागपुर शताब्दी एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की। उन्होंने बनारस-हड़पसर अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू करने, बानापुरा स्टेशन पर कुशीनगर एक्सप्रेस के ठहराव तथा इटारसी और पोवारखेड़ा के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का काम जल्द पूरा कराने का सुझाव दिया। उन्होंने कामायनी, पुष्पक, कर्नाटक और ताप्ती गंगा एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों से जुड़ी यात्री सुविधाओं के मुद्दे भी उठाए।
राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने बानापुरा स्टेशन पर कामायनी, ताप्ती गंगा और तुलसी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की। उन्होंने नागपुर-भुसावल सुपरफास्ट पैसेंजर और जनता एक्सप्रेस का संचालन दोबारा शुरू करने का सुझाव भी दिया।
सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने सिरोंज-शमशाबाद-लटेरी-कुरवाई नई रेल लाइन के सर्वे और स्वीकृति की मांग रखी। उन्होंने बीना जंक्शन के विकास एवं आधुनिकीकरण, मंडी बामोरा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव के साथ सागर से पुणे, बेंगलुरु सहित अन्य बड़े शहरों के लिए रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने का सुझाव दिया।
राजगढ़ सांसद रोडमल नागर ने रामगंजमंडी-भोपाल रेल लाइन का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ब्यावरा स्टेशन को जंक्शन के रूप में विकसित करने की मांग की। उन्होंने चांचौड़ा-बीनागंज स्टेशन पर इंदौर-ऊना हिमाचल एक्सप्रेस के ठहराव का सुझाव भी दिया।
ग्वालियर और भोपाल से नई रेल सेवाओं की मांग
ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने दिल्ली से इंदौर के बीच ग्वालियर, गुना और उज्जैन होकर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने तथा ग्वालियर-गुना के बीच मेमू ट्रेन शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस का मोहना स्टेशन पर ठहराव कराने की मांग भी रखी।
राज्यसभा सांसद अशोक सिंह ने भोपाल और इंदौर से ग्वालियर के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाने तथा मोहना रेलवे स्टेशन का उन्नयन करने का सुझाव दिया।
राज्यसभा सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल ने भोपाल जंक्शन अथवा रानी कमलापति स्टेशन से अयोध्या के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन शुरू करने की मांग की। उन्होंने डॉ. अंबेडकर नगर-प्रयागराज एक्सप्रेस और भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी का मंडी बामोरा स्टेशन पर ठहराव कराने के साथ वहां प्रधानमंत्री गति शक्ति कार्गो टर्मिनल स्थापित करने का सुझाव दिया।
केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने छनेरा स्टेशन पर तुलसी एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस एक्सप्रेस, उधना-दानापुर एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-आगरा कैंट एक्सप्रेस, साईनगर शिरडी-कालका एक्सप्रेस, पुणे-दरभंगा एक्सप्रेस और पंजाब मेल सहित कई ट्रेनों के ठहराव की मांग की। उन्होंने भुसावल-नागपुर मेमू का संचालन दोबारा शुरू करने और हरदा स्टेशन पर विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव का सुझाव भी दिया।
भोपाल सांसद आलोक शर्मा के प्रतिनिधि ने भोपाल-हावड़ा साप्ताहिक एक्सप्रेस को रानी कमलापति स्टेशन से चलाने, भोपाल-दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस का इटारसी तक विस्तार करने तथा रानी कमलापति से सीहोर के लिए मेमू ट्रेन शुरू करने की मांग रखी।
सुझावों पर कार्रवाई का आश्वासन
महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सांसदों की ओर से प्रस्तुत सुझावों पर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि यात्री सुविधाओं के विस्तार, रेल सेवाओं में सुधार और क्षेत्रीय रेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सांसदों के सुझावों पर सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन भी दिया।
बैठक में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक नीरज कुमार, मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार मंडल, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार रजक, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया सहित पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय और भोपाल मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन उप महाप्रबंधक (सामान्य) मनीष कुमार पटेल ने किया।
