khabar abhi tak

WCR में पेंशनरों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविर तीनों रेल मंडलों में 30 नवम्बर तक आयोजित

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल प्रशासन द्वारा रेल एवं पारिवारिक पेंशनरों की सुविधा के लिए 1 से 30 नवंबर तक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC 5.0) अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, मंडल कार्यालयों और चिकित्सा संस्थानों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

शिविरों में पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने का लाइव डेमो और तकनीकी सहायता दी जा रही है। साथ ही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच तथा वित्तीय साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं।

आधार आधारित डिजिटल प्रक्रिया के जरिए पेंशनर घर बैठे या नजदीकी शिविर में जीवन प्रमाण पत्र तैयार कर ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। इससे उन्हें बैंक या संबंधित कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और पेंशन का निर्बाध भुगतान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

मंडलवार शिविरों की व्यवस्था

जबलपुर मंडल: उमंग सामुदायिक भवन, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित समाधान केंद्र तथा कटनी और सतना के समाधान केंद्रों सहित नरसिंहपुर, ब्यौहारी, दमोह, सागर और पिपरिया के स्टेशन अधीक्षक कार्यालयों में कार्यदिवसों पर सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक शिविर लगाए जा रहे हैं।

भोपाल मंडल: मंडल रेल चिकित्सालय निशातपुरा, पॉलीक्लीनिक हबीबगंज और उप-चिकित्सालय बीना, गुना एवं इटारसी में कार्यदिवसों पर सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा भोपाल, इटारसी, बीना, गुना और हरदा रेलवे स्टेशनों पर भी प्रमाण पत्र बनाने में सहायता दी जा रही है।

कोटा मंडल: विक्रमगढ़ आलोट, शामगढ़, रामगंज मंडी, बूंदी, मांडलगढ़, बारां, छबड़ा गुगोर, लाखेरी, इंद्रगढ़ सुमेरगंज मंडी, हिंडौन सिटी, बयाना, भरतपुर और तुगलकाबाद में निर्धारित तिथियों पर शिविर लगाए जा रहे हैं। वहीं, कोटा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी में मेगा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कोटा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में पेंशन संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए विशेष हेल्प डेस्क भी बनाई गई है।

ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी

शिविर में आने वाले पेंशनरों को आधार कार्ड, मूल पेंशन भुगतान आदेश (PPO), पेंशन खाते की बैंक पासबुक और आधार व बैंक खाते से लिंक सक्रिय मोबाइल फोन साथ लाना होगा। पश्चिम मध्य रेल प्रशासन ने सभी रेल एवं पारिवारिक पेंशनरों से अपने निकटतम निर्धारित शिविर में पहुंचकर अभियान का लाभ लेने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak