बताया गया है कि दादूलाल बीती सुबह रोजाना की तरह मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उनके पुत्र श्रीराम ने आसपास के क्षेत्रों और संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन बुजुर्ग का कोई सुराग नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने किंदरई थाने पहुंचकर पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तलाश शुरु कर दी, इस बीच आज मंगलवार को सुबह पाटन और दुमापुरी के जंगल में बुजुर्ग का शव पड़ा मिला। शव की स्थिति देखकर परिजन भी सकते में आ गए। बताया गया है कि मृतक के सिर से खून निकला हुआ था तथा पेट पर जंगली जानवर के सींग से चोट लगने जैसे निशान दिखाई दे रहे थे। इन परिस्थितियों के चलते यह आशंका भी जताई जा रही है कि बुजुर्ग का सामना जंगल में किसी जंगली जानवर से हुआ होगा। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।