khabar abhi tak

MP- शहडोल में तेंदुए ने 15 वर्षीय किशोरी को बनाया शिकार, झाड़ियों में मिला शव

शहडोल. मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में तेंदुए के हमले में 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। तेंदुआ उसे घर के बाहर सोते समय उठाकर ले गया। सुबह परिजनों ने तलाश की तो घर से करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में उसका शव मिला। डीएफओ तरुण वर्मा ने तेंदुए के हमले की पुष्टि की है।

घटना बुधवार तड़के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के तगावर गांव में हुई। मृतका की पहचान सरस्वती सिंह गोंड के रूप में हुई है। वह अपनी बहन के साथ घर के बाहर बनी परछी में सो रही थी, जबकि मां घर के अंदर थी। घर में दरवाजा नहीं होने के कारण रात में तेंदुए के अंदर आने की आशंका जताई गई है।

बहन के जागने पर हुआ घटना का खुलासा

सुबह जब सरस्वती की बहन जागी तो वह बिस्तर पर नहीं मिली। उसने मां को इसकी जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने आसपास तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर कंबल दिखाई दिया। खोजबीन करने पर झाड़ियों में सरस्वती का शव मिला। सुबह करीब चार बजे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। ब्यौहारी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओपी सहित अन्य अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

तेंदुए की तलाश में जुटी वन विभाग की टीम

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग और पुलिस की टीमें तेंदुए की तलाश में जुटी हैं। आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ग्रामीणों को आशंका है कि तेंदुआ दोबारा आबादी वाले क्षेत्र में हमला कर सकता है।

डीएफओ तरुण वर्मा के मुताबिक, घर में दरवाजा नहीं होने के कारण तेंदुए के अंदर आने और किशोरी को उठाकर ले जाने की आशंका है। वन विभाग के नियमानुसार पीड़ित परिवार को सहायता राशि दी जाएगी। सरस्वती के पिता महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं। वह मां और बहन के साथ गांव में रहती थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak