जबलपुर। बिलहरी क्षेत्र में डीमार्ट के पास सवारियों से भरी एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सवार यात्री ऑटो रिक्शा में फंस गए। कुछ यात्री उसके नीचे दब गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और घटना स्थल पर पहुंचकर ऑटो रिक्शा में सवार यात्रियों को बचाने में मदद की। गौर पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं। पुलिस ऑटो चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर रही है।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने मौके पर मौजूद लोगों के साथ मिलकर पलटी हुई ऑटो को सीधा कराया और उसमें फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने हादसे में घायल यात्रियों को पीछे से आ रही खनिज विभाग के वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने जिला अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी को मौके से फोन कर घायलों का समुचित एवं त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
