जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी होने से सहायक प्राध्यापक भर्ती अधर में लटक गई है। संस्थान के अधिकारियों ने अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन शुल्क के रूप में दिए गए डिमांड ड्राफ्ट तय समय सीमा में बैंक में जमा ही नहीं किए। नतीजतन सभी डीडी की वैधता समाप्त हो गई और बैंक ने इन्हें स्वीकार करने से साफ मना कर दिया। इस बड़ी लापरवाही के चलते भर्ती प्रक्रिया की वैधानिकता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विश्वविद्यालय में पिछले 2 वर्षों से कुलसचिव पद पर किसी अधिकारी का टिक न पाना इस प्रशासनिक अव्यवस्था का मुख्य कारण माना जा रहा है। परीक्षा आयोजन में पहले ही 6 माह से अधिक का विलंब चल रहा है। अब शिक्षक भर्ती में हुए इस बड़े फर्जीवाड़े जैसे हालात ने संपूर्ण चयन प्रक्रिया को मुश्किल में डाल दिया है।
स्थापना विभाग की लापरवाही से सभी डीडी हुए एक्सपायर
विश्वविद्यालय प्रशासन ने 23 मई 2026 को असिस्टेंट प्रोफेसर के 28 रिक्त पदों पर नियुक्ति हेतु विज्ञापन जारी किया था। आवेदन फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 25 जून 2026 तय की गई थी। नियमों के तहत अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों से 1000 रुपए और आरक्षित वर्ग से 500 रुपए का डीडी मंगाया गया था। नियम के अनुसार स्थापना विभाग को ये सभी डिमांड ड्राफ्ट तत्काल विश्वविद्यालय के खाते में जमा कराने थे। अधिकारियों की उदासीनता और अन्य गतिविधियों में व्यस्तता के कारण समय बीतता गया।
अक्टूबर माह में बैंक ने ड्राफ्ट लौटाने को कहा था
प्रशासनिक अमला करीब 170 उम्मीदवारों के डिमांड ड्राफ्ट लेकर अक्टूबर माह में बैंक शाखा पहुंचा। बैंक प्रबंधन ने जांच के बाद समय सीमा समाप्त होने के कारण इनको भुनाने से इनकार कर दिया। बैंक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि ये ड्राफ्ट संबंधित अभ्यर्थियों को वापस लौटाए जाएं। उम्मीदवार अपने स्तर पर संबंधित बैंकों से नए सिरे से ड्राफ्ट बनवाकर लाएंगे, तभी प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। बिना वैध शुल्क जमा हुए भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाना विश्वविद्यालय के लिए संभव नहीं है। इस तकनीकी पेंच से आवेदकों का भविष्य अधर में अटक गया है।
