जबलपुर। जिले में पराली प्रबंधन को लेकर लागू कड़े नियमों और बरगी क्षेत्र के किसानों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 223 के तहत हुई अर्थदंड की कार्रवाई पर गहरा असंतोष सामने आया है। भारत कृषक समाज ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को खुला पत्र भेजकर दंडात्मक कार्रवाई रोकने और व्यावहारिक नीतियों पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि किसान पर्यावरण नुकसान से भलीभांति अवगत हैं और वे पराली जलाने के पक्षधर नहीं हैं, लेकिन जरूरी संसाधनों की कमी और अगली बोवनी की समय सीमा के दबाव के कारण उनके समक्ष गंभीर संकट खड़ा हो गया है। जब तक छोटे और सीमांत कृषकों को आवश्यक उपकरण सुलभ न कराए जाएं, तब तक एफआईआर तथा भारी जुर्माने जैसी सख्त कार्रवाई स्थगित रखी जाए।
महंगे आधुनिक संसाधन छोटे किसानों की पहुंच से दूर
जिले में 85 प्रतिशत से ज्यादा कृषक लघु एवं सीमांत श्रेणी के हैं, जिनके पास 5 एकड़ से कम कृषि भूमि है। सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, रीपर, स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम यानी एसएमएस और बेलर जैसी उन्नत मशीनें अत्यधिक महंगी होने की वजह से सामान्य कृषक इन्हें खरीदने में पूरी तरह असमर्थ हैं। यह सीमित उपकरण केवल साधन संपन्न लोगों या चुनिंदा एजेंसियों तक ही सीमित हैं। जिले के लगभग 1 लाख 76 हजार हेक्टेयर रकबे में धान की पैदावार होती है, जबकि अवशेष एकत्र करने वाली बेलर मशीनों की संख्या बेहद कम है। खरीफ कटाई समाप्त होने के बाद रबी की बोवनी हेतु खेत तैयार करने के लिए किसानों को महज 1 सप्ताह का अल्प समय मिलता है, जिससे अवशेष निस्तारण असंभव हो रहा है।
जटिल शर्तों और सीमित संसाधनों से गहराया संकट
मशीनें उपलब्ध कराने वाली निजी एजेंसियां एक साथ कम से कम 40 एकड़ रकबा होने की अनिवार्य शर्त लगाती हैं और सेवा देने में 10 से 15 दिन या इससे अधिक का लंबा वक्त लग जाता है। ग्रामीण इलाकों में नहरों के किनारे जर्जर संपर्क मार्ग होने और आसपास के खेतों में कटाई अधूरी रहने से बड़े यंत्रों की आवाजाही अवरुद्ध हो जाती है। हार्वेस्टर में एसएमएस सिस्टम लगाने से अतिरिक्त समय और अधिक डीजल की खपत होती है, जिसका सीधा आर्थिक भार काश्तकारों की जेब पर ही पड़ता है। ठोस प्रबंधकीय सुविधाएं दिए बिना एकतरफा दंड देना पूरी तरह अनुचित है।
