जबलपुर. कृषि उपज मंडी में रविवार को आयोजित साप्ताहिक जैविक हाट बाजार में मौसमी सब्जियां, फल और किसानों के प्राकृतिक उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। यहां उपभोक्ताओं को स्थानीय किसानों से सीधे जैविक उत्पाद खरीदने का अवसर मिला।
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग की ओर से आयोजित इस हाट में जैविक अनाज, दालें, सब्जियां, मसाले, मोटे अनाज, मौसमी फल और अन्य खाद्य उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध रहे। इनमें केपी सिंह के विभिन्न प्रजातियों के अमरूद, अर्चना के मिलेट्स फूड और संदीप ठाकुर की आंवला कैंडी व अचार ने खास आकर्षित किया। इसके अलावा सीताफल, अमरूद, आंवला और विभिन्न मौसमी भाजियां भी उपलब्ध रहीं।
हाट में आमजन को जैविक उत्पादों के महत्व और उनके लाभों की जानकारी भी दी गई। आयोजन के सफल संचालन और किसानों के उत्साहवर्धन के लिए उप संचालक कृषि उमेश कटहरे, अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन सहित विकासखंड शहपुरा के कृषि विभाग की टीम मौजूद रही।
साप्ताहिक जैविक हाट प्रत्येक रविवार को सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य जैविक खेती करने वाले किसानों को बाजार उपलब्ध कराना, उनके उत्पादों का उचित मूल्य दिलाना और आमजन को जैविक एवं प्राकृतिक उत्पादों के प्रति जागरूक करना है।
%20(1).jpeg)