जबलपुर. यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने भले ही स्पेशल ट्रेनें चलाकर राहत देने का प्रयास किया है, लेकिन उसका यह प्रयास पटरी से पूरी तरह उतर चुकी पंचुअलिटी से परेशानी बढ़ा रहा है। कई स्पेशल ट्रेनें 3 से लेकर 18 घंटा से ज्यादा विलंब से जबलपुर पहुंचने का सिलसिला जारी है.
इन स्पेशल ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ी हुई है. वहीं कई रेगुलर ट्रेनें भी घंटों लेट जबलपुर पहुंच रही हैं. यात्रियों का कहना है कि भले ही स्पेशल ट्रेन में सीट उपलब्ध हो रही हैं, लेकिन ये ट्रेन कब आयेगी और कब अपने गंतव्य पर पहुंचेगी, इसका कोई अता-पता नहीं है. विलंब से चलने के कारण लोगों का प्रोग्राम पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है, काफी लोग तो परेशान होकर टिकट तक कैंसिल करा रहे हैं.
कहीं भी खड़ी कर दी जा रही
इस स्पेशल ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों का कहना है कि रेल प्रशासन रेगुलर ट्रेनों की पंचुअलिटी पर पूरा ध्यान देती है. उसका स्पेशल ट्रेन की टाइमिंग पर फोकस नहीं है. छोटे-छोटे स्टेशनों पर स्पेशल गाडि़य़ों को रोककर नियमित ट्रेनों को निकाला जा रहा है.
ये ट्रेनें लेट
- 01046 अयोध्या केंट-एलटीटी 18.30 घंटा.
- 09041 उधना-हसनपुर 3.30 घंटा.
- 01053 देवलाली-दानापुर 6.30 घंटा.
- 09047 उधना-मधुबनी 4 घंटा.
- 01114 दानापुर- एलटीटी 8.45 घंटा.
- 01450 दानापुर-पुणे 3 घंटा.
