जबलपुर। संस्कारधानी के गोरखपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हवाबाग चर्च के सामने ग्वारीघाट रोड स्थित अमृत अपार्टमेंट में रहने वाले कर्मकांडी ब्राह्मण पंडित सर्वेश्वर शर्मा ने अपने पड़ोसियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने पास के ही फ्लैट में रहने वाले जाहिद अली, उनकी पत्नी अफसाना अली और बेटे मुशाहिद पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने, हिंदू धर्म की मान्यताओं पर अभद्र टिप्पणी करने और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार भय और असहजता के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर है, जिस पर संज्ञान लेते हुए गोरखपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मस्जिद चलकर इमाम से मिलने का बनाया दबाव
पुलिस को दिए गए आवेदन में पीड़ित ने बताया है कि वे अपने परिवार के साथ अपार्टमेंट में निवास करते हैं और कर्मकांड के जरिए जीवनयापन करते हैं। कुछ वर्षों पहले तक पड़ोसी परिवार के साथ उनके संबंध पूरी तरह सामान्य थे, लेकिन बीते कुछ महीनों से उनके व्यवहार में अचानक बड़ा बदलाव आ गया। बातचीत के दौरान पड़ोसी आए दिन इस्लाम धर्म की बढ़ाई करने लगे और सनातन परंपराओं के प्रति गलत बातें बोलने लगे। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने पंडित शर्मा से मस्जिद चलकर इमाम साहब से मुलाकात करने और अपना धर्म बदलने की बात कही। जब उन्होंने अपनी धार्मिक आस्था का हवाला देकर इस बात का कड़ा विरोध किया, तो पड़ोसियों ने उन्हें अलग-अलग तरीकों से सताना शुरू कर दिया।
रंगोली पर पानी डाला, रास्ता रोककर दी प्रताड़ना
शिकायत पत्र में इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि विरोध जताने के बाद से उन्हें रोजमर्रा के जीवन में जानबूझकर परेशान किया जा रहा है। दीपावली के पावन पर्व पर उनके घर के मुख्य द्वार के बाहर सजाई गई रंगोली को खराब करने की नीयत से उस पर पानी फेंक दिया गया। इसके अतिरिक्त फ्लैट के प्रवेश द्वार के ठीक सामने जानबूझकर वाहन खड़े किए जाने लगे हैं, जिससे पूरे परिवार को घर से बाहर निकलने और अंदर आने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त आवेदन के आधार पर सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
