khabar abhi tak

साइबर क्राइम : देहात से शहर तक बिछाए जाल में फंस रहे लोग, तीन को ठगा


जबलपुर।
पुलिस की जागरूकता और सख्ती के बाद भी साइबर क्राइम पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। किसी न किसी के खातों पर साइबर अटैक हो रहा है। खाते खाली हो रहे हैं। ऐसे ही तीन मामले सामने आए हैं, जिसमें अनजान साइबर ठगों ने खाते खाली कर दिए। कुंडम, गोरखपुर और विजयनगर में पीड़ितों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई है। अब पुलिस इन ठगों की छानबीन कर रही है।

कुंडम : ऑनलाइन दुकान पर स्कैन करना महंगा पड़ा

कुण्डम पुलिस ने बताया कि देवरी खुर्द में रहने वाले प्रेमनारायण प्रसाद दुबे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 अक्टूबर को जबलपुर से यूरिया लेकर ग्राम बघराजी गया था। पैसों की आवश्यकता होने पर दोपहर लगभग 1 बजे उसने ऑनलाईन दुकान पर जाकर 2 बार क्यूआर कोड स्कैन कर 4 हजार रूपये भेजे। दुकानदार अमित कुमार ने उसके कैश 4 हजार रूपये दे दिये थे। वह अपने काम में लग गया था। उसी समय उसका मोबाइल हैक हो गया था। मोबाइल पर कोई मैसेज नहीं आ रहे थे। रात में बेलेंस चैक किया उसे पता चला कि दोपहर लगभग 1-38 बजे उसके बैंक अकाउण्ट से 92 हजार रूपये जिसान बाल्मीकी के खाते में ट्रांसफर हुये हैं, जिसकी जानकारी उसे नहीं थी।

गोरखपुर : पति का मोबाइल गायब हुआ और लाखों कट गए

गोरखपुर पुलिस ने बताया कि गुरूवार को बिलहरी निवासी गीता सिंह राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पति ओमप्रकाश सिहं राजपूत गोरखपुर में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। उनका स्वर्गवास 29 अगस्त को ब्रेन हेमरेज होने से हो गया था। पति की मृत्यु के बाद शासकीय कार्य हेतु पति के खाता नम्बर के स्टेटमेंट की आवश्यकता होने पर भारतीय स्टेट बैंक शाख सिविल लाईन से 25 अगस्त से 6 अक्टूबर तक का स्टेटमेंट निकलवाया। जानकारी मिली कि 10 सितंबर से 17 सितंबर के बीच पति के बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से कुल 4 लाख 36 हजार 323 रूपये किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अनाधिकृत रूप से निकाल लिये। महिला ने पुलिस को बताया कि 16 अगस्त को पति का स्वास्थ्य खराब हुआ था। तभी से उनका मोबाइल भी नहीं मिल रहा था। अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके पति के बैंक खाते से धोखाधड़ी करते हुये 4 लाख 36 हजार 323 रूपये निकाल लिये हैं। 

विजयनगर : बैंक कर्मचारी का मोबाइल हैक कर हड़पे रूपए

विजयनगर पुलिस के मुताबिक कचनार सिटी में रहने वाले रविरंजन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह केनरा बैंक में कर्मचारी है। उसके पास केनरा बैंक का क्रेडिट कार्ड है। 9 नवम्बर की शाम लगभग 5 बजे उसने अपने क्रेडिट कार्ड का स्टेटमेंट चैक किया। उसे पता चला कि 7 नवम्बर को 1 लाख 12 हजार 26 रूपये का पेमेंट फिल्पकार्ट को हुआ है, जिसकी जानकारी उसे नहीं थी और न ही उसके द्वारा पेमेंट की गई थी। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके क्रेडिट कार्ड का प्रयोग कर उक्त ट्रांजेक्शन किया है। उसके द्वारा किसी को कोई ओटीपी भी नहीं दी गई। अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसका मोबाइल हैक कर एवं क्रेडिट कार्ड का प्रयोग कर उसके साथ धोखाधड़ी की है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak