khabar abhi tak

समय पर जांच और नियमित दवा से हारेगी टीबी, रेलवे अस्पताल में हुए मरीज जागरूक




जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत केंद्रीय रेलवे चिकित्सालय के सभागार में 11 टीबी मरीजों को पोषण आहार बास्केट वितरित किए। चिकित्सा निदेशक डॉ. आर.एन. मिश्रा के मुख्य आतिथ्य, जिला क्षय अधिकारी डॉ. संतोष ठाकुर व रेलवे क्षय रोग प्रभारी डॉ. संदीप चौहान के मार्गदर्शन में टीबी कार्यक्रम सहायक धीरेंद्र कुमार तिवारी ने मरीजों को यह सामग्री सौंपी। इस पहल में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जूलियट परेरा और ऑफिस अधीक्षक शीला सिंह ने नि-क्षय मित्र बनकर बास्केट प्रदान किए। साथ ही डीसीएचआई आरती गुप्ता व अन्य सीएचआई ने आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए मरीजों को समय पर जांच और पूरा इलाज कराने के लिए प्रेरित किया।

​नि-क्षय मित्र बनकर अधिकारियों ने बढ़ाया मदद का हाथ

​कार्यक्रम के दौरान मरीजों को प्रधानमंत्री पोषण आहार योजना और नि-क्षय मित्र अभियान के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य उपचार करा रहे मरीजों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत हो सके और वे जल्दी स्वस्थ हो सकें। आयोजन के दौरान उपस्थित कर्मचारियों ने भी समाज में इस बीमारी के प्रति फैलने वाली भ्रांतियों को दूर करने और पीड़ितों की मदद के लिए आगे आने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए धीरेंद्र कुमार तिवारी ने मरीजों को सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाने की प्रक्रिया समझाई।

​लक्षण दिखते ही जांच कराने की चिकित्सकों ने की अपील

​समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. आर.एन. मिश्रा ने कहा कि क्षय रोग पूरी तरह से ठीक होने वाली बीमारी है। पहले जानकारी के अभाव और सामाजिक संकोच के कारण लोग इस रोग को छिपाते थे, जिससे स्थिति गंभीर हो जाती थी। अब समय पर परामर्श और जागरूकता से हालात बदल रहे हैं। वहीं, डॉ. संदीप चौहान ने अस्पताल में उपलब्ध निःशुल्क जांच और दवाओं की व्यवस्था पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीमारी की पुष्टि होते ही मरीज का मुफ्त इलाज शुरू कर दिया जाता है। चिकित्सकों ने सख्त हिदायत दी कि दवा का कोर्स बीच में बिल्कुल न छोड़ें। रेल प्रशासन कर्मचारियों, उनके परिवारों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए लगातार ऐसे जनहितैषी कदम उठा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak