सीएम श्री यादव ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए आगे कहा कि आदिवासियों ने केवल अंग्रेजों से ही नहीं, बल्कि मुगलों से भी लड़ाई लड़ी। उन्होंने स्वधर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष किया। हमारे पास ऐसे आदिवासी नायकों की लंबी श्रृंखला है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और अपनी पहचान के लिए लड़ाई लड़ी। अंग्रेजों की विशाल सत्ता के सामने भी बिरसा मुंडा ने संघर्ष किया। यह हम सभी के लिए गौरव की बात है कि आज हम उन्हें याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश में जनजातीय नायकों के नाम पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश में भी पूरे सप्ताह मंत्रालय से लेकर हर जिले, ब्लॉक और छात्रावासों में जनजातीय नायकों को याद किया जा रहा है। आज से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया जा रहा है। क्रांतिकारी बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर कार्यक्रमों की शुरुआत 14 नवंबर को जबलपुर से हुई।
कांग्रेस ने अमर शहीदों को भुला दिया-
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के लोगों को यह बात बड़ी मुश्किल लगती है। उन्होंने लंबे समय तक सरकार चलाई, लेकिन हमारे अमर शहीदों को भुला दिया। बिरसा मुंडा की जयंती मनाते समय उनके संघर्ष और योगदान को याद करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने जनजातीय नायकों के सम्मान में कई फैसले लिए हैं। पहली कैबिनेट बैठक रानी दुर्गावती के नाम पर जबलपुर में की थी। इसके बाद राजा संग्राम शाह के नाम पर दमोह में कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई। राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है।
जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा-
11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इसके तहत भाजपा संगठन, सरकार और समाज मिलकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगे। प्रदेश के सभी जिलों में सांस्कृतिक जुलूस निकाले जाएंगे। 15 नवंबर को विद्यालयों और छात्रावासों में बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाएगी। वहीं, 16 और 17 नवंबर को जनजातीय छात्रावासों में युवाओं से सीधा संवाद और संपर्क अभियान चलाया जाएगा।