जबलपुर। सिविल लाइन और खमरिया में अज्ञात आरोपियों ने दो लोगों को लूट का शिकार बनाया। एक मामले में आरोपियों ने चाकू अड़ाकर मोबाइल और मोटरसाइकिल छीन ली, वहीं दूसरी घटना में आरोपियों ने मोबाइल और नकदी छीनी है। पुलिस दोनों प्रकरण में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक पहुंच सके।
खमरिया पुलिस ने बताया कि बुधवार की रात उमरिया निवासी सतीश गौंड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सीएमएम फैक्ट्री सुअरकोल में टेªक्टर चलाता है। 25 नवम्बर की शाम लगभग 6 बजे वह सीएमएम से काम करके महगवां तरफ से अपने घर अपनी बिना नम्बर की स्पेलेंडर मोटर सायकल से घर उमरिया की तरफ जा रहा था। महगवां मोड़ पर स्पेलेंडर मोटर सायकल में 3 लड़के उसके पीछे से आ रहे थे। मोटरसाइकिल सवारों ने उसे आवाज लगाई, उसने ध्यान नहीं दिया। एयरपोर्ट के सामने घाट से नीचे उतर रहा था, तभी काले रंग की स्पेलेंडर मोटर सायकल वाले लड़कों ने उसकी गाड़ी के आगे के टायर में साईड से टक्कर मार दी। इससे वह मोटर सायकल सहित गिर गया। एक लड़के ने चाकू निकाला एवं उसे डराते हुये बोला कि जो भी सामान है निकाल। उसने डर के कारण जेब में रखा मोबाइल निकाल कर दे दिया। दूसरे लड़के ने उसकी स्पेलेंडर गाड़ी उठाया एवं उसे लेकर भाग गया। दोनों लड़के भी अपनी मोटर सायकल से भाग गये। अंधेरे में वह मोटर सायकल का नम्बर नहीं देख पाया।
वहीं सिविल लाइन पुलिस के मुताबिक नरसिंहपुर के रहने वाले अजय चावला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह किराने की दुकान चलाता है। 21 नवम्बर को जबलपुर आया था। वह इंद्रा मार्केट पुल नम्बर 1 के पास से रेल्वे स्टेशन जबलपुर मोबाइल पर बात करते हुये जा रहा था। तभी पीछे से काले रंग की बिना नम्बर की स्कूटी में 3 लड़के आये। स्कूटी आगे लगाकर उससे रोक लिया। एक लड़के ने उसके पेट में चाकू अड़ा दिया तथा हाथ में रखा मोबाइल व पीछे के जेब में रखे 1 हजार रूपये छीन लिये। तीनों सदर तरफ स्कूटी से भाग गये।
