
फाइल फोटो
जबलपुर। जंजीरा पुल पर गांजे की सप्लाई करने वाले एक युवक को गुरूवार रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के आधार पर खुलासा किया है कि वह दिहाड़ी पर काम करता रहा। वह सिंधी केम्प में रहने वाले कालू के कहने पर उड़ीसा से गांजा लाया था और अन्य ग्राहक को देने यहां खड़ा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे दो लाख कीमत से अधिक का गांजा बरामद किया।
बेलबाग थाना प्रभारी जितेन्द्र पाटकर ने बताया कि गुरूवार को क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि जंजीरा पुल सुलभ काम्पलेक्स के पास 1 युवक ग्रेे रंग की जैकेट एवं काला जींस पहने पिट्ठू बैग में अवैध मादक पदार्थ गांजा रखे खडा है। सूचना पर क्राईम ब्रांच एवं थाना बेलबाग की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर के बताये स्थान पर दबिश दी। युवक ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ पर उसने अपना नाम बाबाटोला निवासी मनीष चौधरी बताया। पुलिस ने आरोपी मुकेश चौधरी के कब्जे में रखे पिट्ठू बैग से 2 पैकेट में अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया। गांजा की तौल करने पर 5 किलो 272 ग्राम निकला, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 66 हजार 600 रुपए का होना बताई है।
आरोपी से गांजा के संबंध में पूछताछ करने पर सिंधी केम्प निवासी कालू उर्फ सनी सोनकर को गांजा देने के लिये खड़ा होना बताया। कालू उर्फ सनी सोनकर के कहने पर जिला कलाहांडी उड़ीसा जाकर दीपू कुमार निवासी नरल जिला कालाहांडी उड़ीसा से गांजा लेकर कालू उर्फ सनी सोनकर को गांजा देने के लिये जंजीरा पुल के पास खड़े होना बताया, जिसके एवज में कालू उर्फ सनी सोनकर द्वारा एक हजार रूपये दिहाड़ी देना बताया।