पुलिस के अनुसार पूजा उम्र 35 वर्ष पति बंटी कोल मजदूरी कर घर चलाते थे, जबकि पूजा भी कबाड़ बीनकर परिवार की रोजी-रोटी में हाथ बंटाती थीं। आज दोपहर करीब 3 बजे बंटी मजदूरी से लौटकर घर आए। पूजा ने उन्हें खाना खिलाया, जिसके बाद बंटी बाहर घूमने निकल गए। घर में अकेली बचीं पूजा जब चूल्हे पर खाना बनाने लगीं, तभी अचानक चूल्हे की चिंगारी पास रखे कपड़ों पर जा गिरी। सूखे कपड़ों ने पलक झपकते ही आग पकड़ ली और लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। कच्चे मकान और उसमें रखा सामान धू-धू कर जलने लगा। धुएं और आग के बीच संकरे व छोटे कमरे में फंसी पूजा बाहर निकलने का रास्ता तक नहीं पा सकीं और लपटों में घिरकर जिंदा झुलस गईं। जब तक पड़ोसियों को भनक लगी और लोग दौड़े, तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी।
झूलती केबल ने रोकी दमकल की रफ्तार-
आग की सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके के लिए दौड़ी, लेकिन तंग गलियों और नीचे लटकती बिजली की केबल ने दमकल वाहन का रास्ता रोक दिया। लोगों और कर्मचारियों ने किसी तरह केबल को ऊपर उठवाया, तब जाकर वाहन घटनास्थल तक पहुंचा। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था। सिहोरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।