khabar abhi tak

एमपी में दो बच्चों की अनिवार्यता खत्म, तीन संतान वाले भी कर सकेंगे सरकारी नौकरी

 25 साल पुराने नियम में संशोधन को कैबिनेट की मंजूरी, तीसरी संतान के आधार पर लंबित विभागीय कार्रवाई होगी समाप्त

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरी के लिए लागू दो बच्चों की अनिवार्यता संबंधी 25 साल पुराने नियम को समाप्त करने का फैसला किया है। अब तीन संतान वाले अभ्यर्थी भी सरकारी नौकरी के लिए पात्र होंगे। वहीं, तीसरी संतान के आधार पर कर्मचारियों के खिलाफ चल रही विभागीय जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई भी समाप्त की जाएगी।

मंदसौर जिले के गांधी सागर में बुधवार को हुई डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के सिविल सेवा नियम, 1961 में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस फैसले से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के साथ ही पहले से सेवा में कार्यरत कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी। अकेले स्कूल शिक्षा विभाग के 30 हजार से अधिक शिक्षकों को इसका लाभ मिलने की संभावना है।

लंबित मामले होंगे समाप्त, पुराने फैसले बरकरार

सरकार के फैसले के मुताबिक, तीसरी संतान के आधार पर जिन कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई या विभागीय जांच लंबित है, उन्हें समाप्त किया जाएगा। हालांकि, जिन मामलों में वर्ष 2001 के बाद अंतिम आदेश पारित हो चुका है या कर्मचारी को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है, उन पर दोबारा विचार नहीं किया जाएगा।

विभिन्न विभागों में इस नियम के तहत करीब 8 से 10 हजार मामले लंबित बताए जा रहे हैं। इनमें सबसे अधिक मामले स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग से जुड़े हैं। चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से भी 12 शिकायतें सामान्य प्रशासन विभाग तक पहुंची थीं। इस नियम के कारण पहले कुछ कर्मचारियों को नौकरी गंवानी पड़ी थी। यहां तक कि तीसरी संतान होने के कारण दो प्रशिक्षु न्यायाधीशों को भी सेवा से हटाया गया था।

मोहन भागवत के बयान के बाद तेज हुई थी चर्चा

दो बच्चों की अनिवार्यता वाले नियम को लेकर पिछले कुछ वर्षों से बदलाव की मांग उठ रही थी। इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जोड़कर भी देखा जा रहा था। हाल ही में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत के जनसंख्या संबंधी बयान के बाद इस मुद्दे पर चर्चा तेज हुई।

18 फरवरी को लखनऊ में भागवत ने घटती प्रजनन दर पर चिंता जताते हुए कहा था कि भारत की प्रजनन दर 2.1 है और समाज के अस्तित्व को बनाए रखने के लिए प्रति परिवार औसतन तीन बच्चों की जरूरत है।

राजस्थान और छत्तीसगढ़ पहले ही खत्म कर चुके हैं नियम

मध्य प्रदेश दो बच्चों की अनिवार्यता समाप्त करने वाला पहला राज्य नहीं है। राजस्थान ने 11 मई 2016 और छत्तीसगढ़ ने 14 जुलाई 2017 को इस तरह की पाबंदी खत्म कर दी थी। वहीं, आंध्र प्रदेश सरकार ने तीसरी संतान के जन्म पर 25 हजार रुपये प्रोत्साहन देने की घोषणा की है।

26 जनवरी 2001 से लागू था नियम

मध्य प्रदेश में यह प्रावधान 26 जनवरी 2001 से लागू हुआ था। तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में जनसंख्या नियंत्रण के उद्देश्य से इसे लागू किया गया था। इसके तहत दो से अधिक संतान होने पर सरकारी नौकरी के लिए अयोग्यता और पहले से कार्यरत कर्मचारियों पर सेवा संबंधी कार्रवाई का प्रावधान था। पिछले 25 वर्षों में इस नियम के कारण दो प्रशिक्षु न्यायाधीशों और तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सेवा से हटाया गया। इसके अलावा कई कर्मचारियों की वेतनवृद्धि और पदोन्नति प्रभावित हुई, जबकि तीन संतान वाले अभ्यर्थी सरकारी भर्तियों से बाहर रहे।

सुप्रीम कोर्ट नियम को ठहरा चुका है वैध

दो बच्चों की अनिवार्यता को सुप्रीम कोर्ट पहले ही संवैधानिक रूप से वैध ठहरा चुका है। अदालत ने जनसंख्या नियंत्रण के उद्देश्य से ऐसी शर्त को उचित माना था। ऐसे में मध्य प्रदेश सरकार के पास इस प्रावधान को समाप्त करने का नीतिगत अधिकार था।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak