khabar abhi tak

कागजों पर खेती, गोदामों में खेल: मूंग फर्जीवाड़े में स्टोरेज की भी होगी जांच



जबलपुर। सिवनी जिले में समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी के नाम पर हुए करोड़ों रुपए के कथित फर्जीवाड़े की आंच अब भंडारण व्यवस्था तक पहुंच गई है। सिवनी निवासी हरीशचंद्र गोल्हानी की जनहित याचिका पर मंगलवार को चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे और जस्टिस विवेक जैन की डिवीजन बेंच में अहम सुनवाई हुई। अधिवक्ता अलभ्य बाजपेयी की दलीलों को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता को मूल याचिका में संशोधन करने की स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत अब रबी सीजन 2025-26 के दौरान बंजर व गैर-कृषि योग्य जमीनों पर 54 हजार क्विंटल मूंग का फर्जी उत्पादन दिखाने के साथ-साथ सरकारी गोदामों में हुए स्टोरेज की गड़बड़ियों की भी जांच का रास्ता साफ हो गया है। मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर को तय की गई है।

​याचिका में प्रशासनिक मिलीभगत का गंभीर खुलासा करते हुए बताया गया है कि राजस्व विभाग के दस्तावेजों में जो जमीनें पूरी तरह बंजर, असिंचित और खेती के अयोग्य दर्ज हैं, उन्हें सरकारी पोर्टल पर अचानक उपजाऊ और फसल उत्पादक दर्शा दिया गया। जिन खेतों में मूंग की बुआई तक नहीं हुई, वहां कागजों पर बंपर पैदावार दिखाकर समर्थन मूल्य पर खरीदी की पूरी प्रक्रिया निपटा दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि याचिकाकर्ता ने अपने दावे में स्पष्ट किया है कि पूरे सिवनी जिले में मूंग की वास्तविक पैदावार 1 हजार क्विंटल के आंकड़े को भी नहीं छूती है, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में इसके मुकाबले कई गुना अधिक खरीदी दर्ज कर सरकारी खजाने को भारी चपत लगाई गई।

​कागजों पर बंजर जमीन बनी फसल उत्पादक केंद्र

​शुरुआती दौर में यह जनहित याचिका केवल खरीदी प्रक्रिया में हुई धांधली को लेकर दायर की गई थी, लेकिन सुनवाई के दौरान जब भंडारण में हुई अनियमितताओं के तथ्य सामने रखे गए तो डिवीजन बेंच ने इसे भी याचिका का हिस्सा बनाने की अनुमति दे दी। अब खरीदी केंद्रों से लेकर गोदामों में अनाज रखने तक की पूरी कड़ी जांच के दायरे में आ गई है। याचिकाकर्ता का कहना है कि इस पूरे फर्जीवाड़े को लेकर पूर्व में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई थी, मगर दोषियों पर कोई ठोस कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास किया गया।

​आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ से निष्पक्ष जांच की मांग

​प्रशासनिक स्तर पर न्याय न मिलने के बाद ही हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया गया है। याचिका में पुरजोर मांग की गई है कि इस पूरे आर्थिक घोटाले की जांच आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) को सौंपी जाए। ईओडब्ल्यू की निष्पक्ष जांच से ही उन तमाम भ्रष्ट अधिकारियों, कर्मचारियों और बिचौलियों के चेहरे बेनकाब हो सकेंगे, जिन्होंने फर्जी पोर्टल एंट्री के जरिए करोड़ों रुपए का वारा-न्यारा किया है। 25 नवंबर को होने वाली आगामी सुनवाई में इस मामले में सरकार और संबंधित विभागों का पक्ष सामने आने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak