जबलपुर। अधारताल में मोबाइल फोन देने से इनकार करने पर हुए विवाद में छह आरोपियों ने बर्तन दुकान पर हमला कर दिया। पत्थरबाजी और मारपीट के दौरान एक आरोपी ने दुकान संचालक के बेटे पर चाकू से दो वार कर उसे घायल कर दिया। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों ने दुकान बंद कराने और जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस के मुताबिक, विनेश पैगवार (30), निवासी अधारताल ने 7 नवंबर की शाम शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 6 और 7 नवंबर की दरम्यानी रात करीब तीन बजे उसके पिता विनीत पैगवार और बड़ा भाई विशेष दुकान पर मौजूद थे। धनतेरस के कारण दुकान पर भीड़ थी। इसी दौरान महाराजपुर निवासी शिवेंद्र सिंह ठाकुर उर्फ बूची, सागर यादव और सौरभ उर्फ तुत्तल उसरेठे वहां पहुंचे। सौरभ ने फोन करने के लिए विनीत से मोबाइल मांगा। इनकार करने पर तीनों गाली-गलौज करने लगे।
पहले पत्थरबाजी, फिर साथियों के साथ लौटे
पिता के साथ गाली-गलौज का विरोध करते हुए दोनों बेटों ने आरोपियों को दुकान से बाहर कर दिया। इसके बाद तीनों ने पत्थर उठाकर दुकान पर हमला किया और वहां से चले गए। कुछ देर बाद वे दक्ष, उदय पांडे और सागर तिवारी के साथ पल्सर बाइक से दोबारा पहुंचे और फिर विवाद शुरू कर दिया।
चाकू से किए दो वार, जान से मारने की धमकी
विवाद के दौरान दक्ष ने विशेष पैगवार पर चाकू से हमला कर उसकी दाहिनी जांघ में दो जगह चोट पहुंचाई। उदय पांडे और सागर तिवारी ने उसके साथ मारपीट की, जबकि अन्य आरोपियों ने दुकान में घुसकर धमकाया कि उनकी बात नहीं मानने पर दुकान नहीं चलाने देंगे। इसके बाद सभी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
घायल विशेष को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भाई के उपचार में व्यस्त होने के कारण विनेश ने 7 नवंबर की शाम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अधारताल पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(ए), 125, 109(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
