मेडिकल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टरों ने चार घंटे में निकाला सरिया
जबलपुर। कटनी जिले के बहोरीबंद क्षेत्र में खेलते समय एक 11 माह की मासूम बच्ची गंभीर दुर्घटना का शिकार हो गई, जिसके सिर में लोहे की रॉड आर-पार घुस गई। अत्यंत नाजुक हालत में परिजन बच्ची को लेकर जबलपुर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचे। यहां न्यूरोसर्जरी विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने बिना समय गंवाए आपातकालीन ऑपरेशन किया और बच्ची के दिमाग में फंसी रॉड को सुरक्षित बाहर निकालकर उसे नया जीवनदान दिया। चिकित्सकों की इस तत्परता और सफल सर्जरी की हर तरफ सराहना हो रही है।
बहोरीबंद निवासी 11 माह की आरवी घर में खेल रही थी, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से एक लोहे की रॉड उसके सिर में जा घुसी। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और वे तुरंत बच्ची को लेकर जबलपुर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के न्यूरोसर्जरी विभाग आए। अस्पताल के न्यूरोसर्जन डॉ. जितिन बजाज ने बताया कि प्रारंभिक जांच और सीटी स्कैन में यह बात सामने आई कि रॉड खोपड़ी की हड्डी को तोड़ते हुए सीधे दिमाग के हिस्से में धंस गई थी। इसके कारण अंदर खून का थक्का जम गया था। स्थिति इतनी गंभीर थी कि बच्ची की आंखों की रोशनी जाने, दिमाग में गंभीर संक्रमण फैलने और जान जाने तक का खतरा पैदा हो गया था।
विशेषज्ञों की टीम ने संभाला मोर्चा
बच्ची की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल सर्जरी करने का निर्णय लिया। यह ऑपरेशन बेहद जोखिम भरा था क्योंकि दिमाग की नसों को नुकसान पहुंचने की आशंका थी। चिकित्सकों की टीम ने पूरी सावधानी के साथ जटिल सर्जरी को अंजाम दिया और रॉड को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया। इस जीवनरक्षक ऑपरेशन में मेडिकल डीन डॉ. नवनीत सक्सेना, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की संचालक डॉ. अपर्णा तामस्कर, अधीक्षक लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. जितेंद्र गुप्ता, न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. विजय परिहार, डॉ. शैलेंद्र रात्रे, डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ. आशुतोष कारपेंटर, एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. अपर्णा तामस्कर और डॉ. वरुण अरोड़ा का विशेष योगदान रहा।
