एनटीपीसी से 4.97 रुपये प्रति यूनिट की अनुमानित दर पर होगा बिजली क्रय
जबलपुर. मध्यप्रदेश ने भविष्य की बिजली जरूरतों को पूरा करने के लिए एनटीपीसी की लारा चरण-III परियोजना से 800 मेगावाट बिजली खरीदने का अनुबंध किया है। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित इस परियोजना से प्रदेश को अनुमानित 4.97 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली मिलेगी। आपूर्ति वर्ष 2031-32 तक शुरू होने की संभावना है।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, प्रमुख सचिव ऊर्जा मनीष सिंह और ऊर्जा सचिव एवं एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक विशेष गढ़पाले की उपस्थिति में एमपीपीएमसीएल और एनटीपीसी के बीच विद्युत क्रय अनुबंध (पीपीए) पर हस्ताक्षर किए गए। लारा चरण-III परियोजना की कुल उत्पादन क्षमता 1600 मेगावाट (2×800 मेगावाट) है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अनुबंध से प्रदेश में कृषि, उद्योग और घरेलू क्षेत्रों की भविष्य की बिजली मांग पूरी करने में मदद मिलेगी।
परियोजना की खासियत यह है कि संयंत्र को एनटीपीसी की अपनी कैप्टिव कोयला खदान से ईंधन मिलेगा। खदान की निकटता से परिवहन खर्च घटेगा और बिजली उत्पादन की लागत नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर एनटीपीसी के मुख्य महाप्रबंधक (कॉमर्शियल) ए.एस. पांडे, महाप्रबंधक संदेश जायसवाल, अतिरिक्त मुख्य महाप्रबंधक भूपेश कुमार और एमपीपीएमसीएल के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. आर.बी. सक्सेना उपस्थित थे।
