khabar abhi tak

धान खरीदी में गड़बड़ी करने वालों के रिश्तेदारों पर भी रहेगी पैनी नजर, 80 केंद्रों पर 61 हजार 101 किसान बेचेंगे उपज




कलेक्टर कार्यालय में मंत्री राकेश सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक, छोटे किसानों की तुलाई और समय पर भुगतान को मिली सर्वोच्च प्राथमिकता

​जबलपुर। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शनिवार को लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की अध्यक्षता में धान उपार्जन की तैयारियों को लेकर जनप्रतिनिधियों और किसान संगठनों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में सांसद आशीष दुबे, विधायक संतोष वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोंटिया, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री राजमणि सिंह बघेल, अपर कलेक्टर रविशंकर राय, शैलेंद्र सिंह, अखिलेश सिंह, प्रभारी खाद्य आपूर्ति नियंत्रक अभिषेक सिंह सहित जिला उपार्जन समिति के सदस्य शामिल हुए। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के 61 हजार 101 पंजीकृत किसानों से धान खरीदने के लिए 80 केंद्र बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 53 केंद्र ऑनलाइन हो चुके हैं और 21 नई सहकारी समितियों को भी जोड़ा गया है।

​दागी व्यक्तियों और उनके परिजनों का हस्तक्षेप रुकेगा

​समीक्षा के दौरान मंत्री राकेश सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी की पूरी व्यवस्था शासन की नीति के अनुरूप बेहद पारदर्शी और व्यावहारिक होनी चाहिए। पिछले वर्षों की खामियों से सबक लेते हुए उन्होंने कहा कि गड़बड़ी करने वाले व्यक्तियों को खरीदी प्रक्रिया से पूरी तरह बाहर रखा जाए। केवल संबंधित व्यक्ति पर रोक लगाना काफी नहीं है, बल्कि उनके परिवारजनों और रिश्तेदारों के जरिए पर्दे के पीछे से होने वाले किसी भी हस्तक्षेप को भी सख्ती से रोका जाए। किसानों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए उपार्जन केंद्रों की मैपिंग करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि तहसीलवार नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो नियमित निरीक्षण कर शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। किसी भी अनियमितता पर संबंधित नोडल अधिकारी की सीधे जवाबदेही तय होगी और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एक ही अधिकारी को लंबे समय तक एक केंद्र पर तैनात नहीं रखा जाएगा।

​रोजाना चस्पा होगी खरीदी सूची, तिरपाल भी रहेंगे

​बैठक में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए तय किया गया कि हर केंद्र पर प्रतिदिन आने वाली ट्रॉलियों और वास्तविक किसानों से खरीदी गई धान का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा। फर्जी बिलिंग रोकने के लिए क्रॉस सत्यापन होगा और शाम को केंद्र पर उन किसानों की सूची चस्पा की जाएगी, जिनसे खरीदी पूरी हो चुकी है। किसान संगठनों ने छोटे किसानों को प्राथमिकता देने, व्यापारियों की दखलंदाजी रोकने और पल्लेदारी की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजने का सुझाव दिया। साथ ही बारदाना फटने या तुलाई के दौरान धान गिरने के नाम पर होने वाली मनमानी कटौती बंद करने की मांग उठाई गई, जिस पर अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश मिले। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए केंद्रों पर पर्याप्त तिरपाल रखने को कहा गया, ताकि किसानों को रात भर अपनी उपज की रखवाली न करनी पड़े। इसके अलावा नमी, तुलाई और एफएक्यू गुणवत्ता के मापदंड बड़े डिस्प्ले बोर्ड पर लिखने तथा समस्याओं के समाधान के लिए हर सप्ताह किसान संगठनों के साथ रोस्टर अनुसार बैठक करने का निर्णय लिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak