जानकारी के अनुसार राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि पोलीपाथर के सफेद कुआ क्षेत्र में बाल विवाह आयोजित हो रहा है। सूचना मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी विकेश कुमार राय के साथ सेक्टर पर्यवेक्षक लता नेताम, संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और पुलिस बल ने मौके पर दबिश दी। परियोजना अधिकारी विकेश कुमार राय की लिखित शिकायत पर पुलिस ने जांच के बाद लड़के और लड़की के माता-पिता के विरुद्ध बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की धारा 11 और 11(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
मैहर से शादी कर लौटे थे दोनों
दबिश और पूछताछ के दौरान चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि विवाह 23 नवंबर को नहीं, बल्कि पहले ही हो चुका था। माता-पिता ने बताया कि 18 वर्षीय लड़का और 17 वर्षीय लड़की 13 नवंबर 2026 को मैहर चले गए थे, जहां दोनों ने बिना बताए स्वयं शादी कर ली और 16 नवंबर को वापस लौट आए। इसके बाद दोनों एक साथ रह रहे थे।
माता-पिता की लापरवाही पड़ी भारी
जांच में यह बात सामने आई कि दोनों के माता-पिता को इस बात की पूरी जानकारी थी कि दोनों की उम्र विवाह के लिए निर्धारित कानूनी आयु से कम है। इसके बावजूद उन्होंने न तो बाल विवाह को रोकने के लिए कोई कदम उठाया, न ही इसकी सूचना पुलिस या सक्षम अधिकारी को दी, बल्कि दोनों को साथ रहने दिया।