जबलपुर। डिजिटल ठगों ने अब भोली-भाली ग्रामीण परिवारों को भी अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। थाना कुण्डम क्षेत्र में एक चौंकाने वाला साइबर फ्रॉड सामने आया है, जहाँ खुद को आईजी बताकर एक अज्ञात जालसाज ने कॉलेज में पढऩे वाली युवती को डरा-धमकाकर 3 लाख 62 हजार 500 रुपये की बड़ी रकम ऐंठ ली।
जानकारी के अनुसार कुण्डम क्षेत्र में रहने वाली महिला ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि वह खेती-किसानी का काम करती है। घर के मोबाइल का इस्तेमाल उसकी कॉलेज जाने वाली बेटी करती थी, जिसमें फोन-पे ऐप मौजूद था। पीडि़ता ने बताया कि 21 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 के बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने लगातार वीडियो कॉल किया। जालसाज ने खुद को बड़ा पुलिस अधिकारी (आईजी) बताकर युवती पर रौब झाड़ा और कहा कि उसकी जीमेल आईडी के जरिए गूगल पर अश्लील वीडियो सर्च किए गए हैं। कानूनी कार्रवाई और बदनामी का डर दिखाकर ठग ने युवती को इस कदर डराया कि उसने अलग-अलग किश्तों में यूपीआई आईडी और बारकोड के माध्यम से 3,62,500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब ठगी का खुलासा हुआ तो परिवार के होश उड़ गए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ की धारा 318(4), 319(2) और 308 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
