khabar abhi tak

नियमितीकरण के नाम पर 50 हजार की रिश्वत लेते छात्रावास अधीक्षक गिरफ्तार

सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) रीवा की टीम ने गुरुवार रात कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते छात्रावास अधीक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी रामदरस द्विवेदी छात्रावास पतुलखी में पदस्थ है। उसे सीधी शहर के हाउसिंग बोर्ड स्थित उसके आवास पर रात करीब 8 बजे ट्रैप किया गया। कार्रवाई देर रात करीब 2 बजे तक चली।

नियमितीकरण के लिए मांगी थी रकम

जानकारी के अनुसार, बहरी निवासी सुरेश प्रसाद द्विवेदी दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी हैं। उन्होंने नियमितीकरण के लिए कई बार आवेदन किया था। उनका नाम नियमितीकरण की सूची में शामिल होने के बावजूद उनसे रिश्वत मांगी जा रही थी। इसी संबंध में उन्होंने ईओडब्ल्यू रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी।

सहायक आयुक्त पर भी लगाए आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त केके पांडे सीधे रिश्वत की रकम नहीं ले रहे थे, बल्कि छात्रावास अधीक्षक रामदरस द्विवेदी के माध्यम से पैसे मांगे जा रहे थे। कई बार निवेदन के बाद भी जब उनकी बात नहीं बनी तो उन्होंने ईओडब्ल्यू से शिकायत की।

15 सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई

शिकायत का सत्यापन करने के बाद ईओडब्ल्यू रीवा की करीब 15 सदस्यीय टीम ने एएसपी के नेतृत्व में ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार रात अधीक्षक को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया गया। आवास पर कार्रवाई के बाद टीम आगे की वैधानिक प्रक्रिया के लिए उच्च विश्राम गृह पहुंची।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak