khabar abhi tak

बिना जबलपुर आए कागजों में बन गए 'लोकल', 3 अफगानियों के फर्जी पासपोर्ट कांड से हिली सुरक्षा एजेंसियां; OTP की आड़ में ऐसे रची थी बड़ी साजिश!

जबलपुर। जबलपुर में राष्ट्रीय सुरक्षा को सीधा चुनौती देने वाले एक बेहद सनसनीखेज फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ है। जबलपुर एटीएस (ATS) के हत्थे चढ़े तीन संदिग्ध अफगानी नागरिकों—असलम खान, अब्दुल बारी और अयूब खान ने पूछताछ में जो खुलासे किए हैं, उसने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि इन विदेशी नागरिकों ने आज तक जबलपुर की धरती पर कदम तक नहीं रखा, लेकिन शातिर जालसाजों ने सरकारी दस्तावेजों में इन्हें यहां का स्थायी निवासी बना दिया।

                                                     इस पूरे हाई-प्रोफाइल नेटवर्क का मास्टरमाइंड सोहबत खान बताया जा रहा है।  ATS ने 19 नवंबर को एक गुप्त ऑपरेशन चलाकर तीनों आरोपियों को कोलकाता से दबोचा था, जिन्हें ट्रांजिट रिमांड पर जबलपुर लाया गया है। सख्त पूछताछ में पता चला कि तीनों के आधार कार्ड मूल रूप से कोलकाता में बने थे। मास्टरमाइंड सोहबत खान ने तकनीकी हेराफेरी (टेंपरिंग) के जरिए इनके पते बदलकर जबलपुर के फर्जी पते दर्ज करा दिए। हद तो तब हो गई जब इन्हीं कूटरचित दस्तावेजों के दम पर दमोह पासपोर्ट कार्यालय में इनके भारतीय पासपोर्ट के लिए आवेदन भी कर दिया गया।

लाइव OTP वेरिफिकेशन से अधिकारियों को दिया चकमा

आरोपियों ने सरकारी सिस्टम की आंखों में धूल झोंकने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया। आधार कार्ड में फर्जी पते के साथ इन अफगानियों का अपना मोबाइल नंबर लिंक था। जब पासपोर्ट ऑफिस में वेरिफिकेशन के लिए वन-टाइम पासवर्ड (OTP) मांगा गया, तो आरोपियों ने तुरंत अपने फोन से ओटीपी बता दिया। लाइव वेरिफिकेशन होने के कारण अधिकारियों को रत्ती भर भी शक नहीं हुआ कि सामने खड़े लोग विदेशी नागरिक हैं।फिलहाल तीनों आरोपी 23 नवंबर तक ATS की रिमांड पर हैं। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि भारतीय पासपोर्ट हासिल करने के पीछे इनका असली मकसद क्या था और इस अंतरराज्यीय सिंडिकेट में जबलपुर के किन-किन सफेदपोशों के हाथ शामिल हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak