जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल ने गैर-किराया राजस्व के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए सितंबर 2026 में संड्री (विविध आय) और अन्य कोचिंग आय के तहत कुल 44 करोड़ 46 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया है। यह पिछले साल सितंबर में मिले 34 करोड़ 72 लाख रुपये के मुकाबले 28.05 प्रतिशत अधिक है।
सितंबर में रेलवे को संड्री आय से 29 करोड़ 1 लाख रुपये और अन्य कोचिंग आय से 15 करोड़ 45 लाख रुपये प्राप्त हुए। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर तक इन दोनों मदों में कुल 299 करोड़ 58 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया गया।
इस अवधि में संड्री आय 184 करोड़ 89 लाख रुपये रही, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि के 145 करोड़ 43 लाख रुपये से 27.13 प्रतिशत अधिक है। इसी तरह अन्य कोचिंग आय 114 करोड़ 69 लाख रुपये दर्ज की गई, जो पिछले वर्ष के 106 करोड़ 75 लाख रुपये की तुलना में 7.44 प्रतिशत ज्यादा है।
विज्ञापन और व्यावसायिक गतिविधियों पर जोर
गैर-किराया राजस्व बढ़ाने के लिए पश्चिम मध्य रेल यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न अनुबंधों और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा है। इनमें कैटरिंग, पार्किंग, वन स्टेशन वन प्रोडक्ट और प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र शामिल हैं।
इसके अलावा स्टेशनों पर विज्ञापन, मल्टीपरपज स्टॉल और ट्रेनों में विनाइल रैपिंग के जरिए भी आय के नए स्रोत विकसित किए जा रहे हैं। रेलवे प्रशासन निनफ्रीस (NINFRIS) नीति के तहत नवाचार आधारित योजनाओं को लागू कर उपलब्ध रेल परिसंपत्तियों का व्यावसायिक उपयोग बढ़ाने पर काम कर रहा है।
महाप्रबंधक के मार्गदर्शन में जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों के अधिकारियों के समन्वय से इन प्रयासों को आगे बढ़ाया जा रहा है। रेलवे का लक्ष्य यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ गैर-किराया राजस्व के नए अवसर विकसित करना और आय में लगातार वृद्धि करना है।
